-
राजस्व लक्ष्य पर फोकस, करदाताओं की जागरूकता और विवाद समाधान को दी प्राथमिकता
भुवनेश्वर। ओडिशा क्षेत्र में आयकर विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉ डी सुधाकर राव ने प्रधान मुख्य आयुक्त, आयकर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि विभाग का मुख्य फोकस राजस्व संग्रह के लक्ष्य को हासिल करना, करदाताओं को जागरूक करना और लंबित विवादों का त्वरित समाधान होगा।
भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के 1990 बैच के अधिकारी डॉ राव ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता केवल कर संग्रह तक सीमित नहीं होगी, बल्कि करदाताओं के बीच विश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे आयकर दाताओं को नियमों के प्रति जागरूक करें, ताकि स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा मिल सके।
जागरूकता के लिए आउटरिच कार्यक्रम पर जोर
डॉ राव ने बताया कि विभाग की ओर से विभिन्न आउटरिच कार्यक्रमों के जरिए आम लोगों और करदाताओं के बीच जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आयकर से जुड़े नियमों, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी जा रही है।
विवाद समाधान पर विशेष फोकस
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयकर से जुड़े लंबित मामलों और विवादों के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे न केवल करदाताओं को राहत मिलेगी, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली भी अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। डॉ राव के पास विभिन्न राज्यों में काम करने का व्यापक अनुभव है, जिससे ओडिशा में आयकर प्रशासन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी सुदृढ़ है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पर्यावरण विज्ञान में एम-फिल की उपाधि प्राप्त की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
