Home / BUSINESS / एफएंडओ सेगमेंट में शामिल हुए आठ नए शेयर, लॉट साइज तय होने के साथ ही शुरू हुई ट्रेडिंग
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

एफएंडओ सेगमेंट में शामिल हुए आठ नए शेयर, लॉट साइज तय होने के साथ ही शुरू हुई ट्रेडिंग

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार के फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (एफएंडओ) सेगमेंट में आज से आठ नए शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए। इस तरह इस सेगमेंट में काम करने वाले कारोबारियों और निवेशकों के पास पहले से ज्यादा विकल्प उपलब्ध हो गए हैं। एफएंडओ सेगमेंट में आज से मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज, अदानी पावर, गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया, विशाल मेगा मार्ट, कोचीन शिपयार्ड, हुंडई मोटर इंडिया, निप्पॉन लाइफ इंडिया एएमसी और फोर्स मोटर्स के शेयर ट्रेडिंग के लिए शामिल हुए हैं। अभी एफएंडओ सेगमेंट से किसी शेयर को बाहर नहीं किया गया है, लेकिन मौजूदा ट्रेडिंग सीरीज खत्म होने के बाद इस सेगमेंट से टाटा टेक्नोलॉजीज, टोरेंट पावर, हुडको और पिरामल फार्मा के शेयर बाहर हो जाएंगे।
एफएंडओ सेगमेंट में आज शामिल होने वाले शेयरों में मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के फ्यूचर्स का लॉट साइज 775 शेयरों का है। यह शेयर फिलहाल अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 1,097 रुपये से 42 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा है। इसी तरह अदानी पावर के फ्यूचर्स के एक लॉट में 3,550 शेयर रखे गए हैं। यह शेयर फिलहाल अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 182 रुपये से 18 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है।
आज से ही सिगरेट का उत्पादन करने वाली कंपनी गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया के शेयर भी फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस सेगमेंट में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। कंपनी के एक लॉट में 275 शेयर हैं। यह शेयर फिलहाल अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 3,947 रुपये से 52 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कुछ समय पहले ही स्टॉक मार्केट में लिस्ट हुई कंपनी विशाल मेगा मार्ट को भी आज से एफएंडओ सेगमेंट में जगह मिल गई है। कंपनी के एक लॉट में 4,850 शेयर रखे गए हैं। यह शेयर फिलहाल अपने उच्च स्तर 157 रुपये से 33 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है।
आज से ही एफएंडओ सेगमेंट में कारोबार की शुरुआत करने वाले कोचीन शिपयार्ड का एक लॉट 400 शेयर का है। यह शेयर फिलहाल अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 2,545 रुपये से 53 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है। इसी तरह 2024 में भारत के सबसे बड़े आईपीओ के रूप में लिस्ट होने वाले हुंडई मोटर इंडिया के शेयर भी स्टॉक मार्केट में एंट्री करने के करीब 18 महीने बाद एफएंडओ सेगमेंट में शामिल हुए हैं। एफएंडओ सेगमेंट में इसका लॉट साइज 275 शेयर का है। फिलहाल कंपनी के शेयर अपने इश्यू प्राइस 1,960 रुपये से भी नीचे गिर कर कारोबार कर रहे हैं।
इसके अलावा एफएंडओ सेगमेंट में आज से कारोबार शुरू करने वाले निप्पॉन लाइफ इंडिया एएमसी के फ्यूचर्स का लॉट साइज 625 शेयर का तय किया है। यह शेयर फिलहाल अपने उच्च स्तर 1,009 रुपये से 21 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है। वहीं कॉमर्शियल गाड़ियां बनाने वाली कंपनी फोर्स मोटर्स के शेयर भी आज से एफएंडओ सेगमेंट में ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। कंपनी के एक लॉट में 25 शेयर रखे गए हैं। यह शेयर फिलहाल अपने 52 सप्ताह के उच्च स्तर 26,450 रुपये से 27 प्रतिशत नीचे गिर कर कारोबार कर रहा है।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने भरा रिटर्न, आखिरी तारीख 31 जुलाई

नई दिल्ली। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने …