-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को अनुगूल जिले के आठमल्लिक क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 204.32 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 1936 को ओडिशा देश का पहला भाषाई आधार पर गठित राज्य बना था और वर्ष 2036 में राज्य अपनी शताब्दी मनाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित ओडिशा’ का सपना तभी साकार होगा, जब राज्य के बच्चे स्वस्थ रहेंगे और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। इसे ‘ओडिशा दिवस’ का मूल संकल्प बताया गया।
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र के तहत क्षेत्र के विकास को गति दी जा रही है। उन्होंने आठमल्लिक को अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए आवास योजनाओं के तहत सैकड़ों पक्के घर निर्माण का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। इस दिशा में जिला प्रशासन को आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए नए हितग्राहियों को जोड़कर ‘अंत्योदय’ के लक्ष्य की दिशा में कार्य जारी है। कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण यहां मूंगफली, दालें, सब्जियां तथा आम, कटहल, लीची और नींबू जैसे फलों का व्यापक उत्पादन होता है। इन उत्पादों के विपणन के लिए मजबूत व्यावसायिक ढांचा तैयार करने के निर्देश भी प्रशासन को दिए गए हैं।
साथ ही, सतकोसिया क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अप्रैल माह में जिला प्रशासन की उपस्थिति में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की सुविधा, कला एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए विशेष पहल तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘सुभद्रा’ योजना के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कुल 91 परियोजनाओं में से 183.85 करोड़ रुपये की लागत से 62 परियोजनाओं का शिलान्यास और 20.47 करोड़ रुपये की लागत से 29 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। ये परियोजनाएं लोक निर्माण, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पेयजल एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित हैं, जो क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक होंगी।
अपने दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने आठमल्लिक स्थित श्री रघुनाथ मंदिर तथा अइड़ा ओलाथ स्थित श्रीराम मंदिर में दर्शन भी किए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
