-
छात्रों की सुरक्षा के लिए सरकार की पहल
-
जल्द तय होगी लागू करने की तारीख
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों में ग्रीष्मकाल के दौरान सुबह की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कदम छात्रों को भीषण गर्मी से बचाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने शनिवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सुबह की कक्षाएं कब से शुरू होंगी, इसकी अंतिम तारीख जल्द तय की जाएगी। इस विषय पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा की जाएगी।
हीटवेव से बचाव के लिए एहतियाती कदम
सरकार का यह फैसला छात्रों को तेज गर्मी के संपर्क से बचाने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी राज्य में जल्दी गर्मी शुरू होने के कारण 2 अप्रैल से सुबह की कक्षाएं शुरू कर दी गई थीं।
तापमान में उतार-चढ़ाव का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिसके बाद फिर से धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।
2026 में भीषण गर्मी की चेतावनी
वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि वर्ष 2026 में भारत को गंभीर हीटवेव का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में स्कूलों में सुबह की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
