Home / Odisha / बीजद नेता प्रताप जेना के घर हथियारबंद हमला, सुरक्षा कड़ी

बीजद नेता प्रताप जेना के घर हथियारबंद हमला, सुरक्षा कड़ी

  •           सुरक्षा कर्मियों को बंदूक की नोंक पर धमकाया

  •           घर के कर्मचारियों के साथ मारपीट की

  •           निलंबित कार्यकर्ताओं पर हंगामे का आरोप

  •          कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता प्रताप जेना ने शुक्रवार देर रात राजधानी भुवनेश्वर स्थित अपने आवास पर हथियारबंद हमले जैसी घटना का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के निलंबित युवा व छात्र विंग के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके घर के बाहर हंगामा किया और जबरन परिसर में घुस गए।

पूर्व मंत्री जेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना का वीडियो साझा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 से 20 नशे में धुत बदमाश उनके आवास में घुस आए, सुरक्षा कर्मियों को बंदूक की नोंक पर धमकाया और घर के कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जबकि उस समय उनका परिवार घर के भीतर मौजूद था। जेना ने इसे सिर्फ हमला नहीं, बल्कि हथियारबंद आतंक बताया।

उन्होंने बताया कि वे माहंगा में थे और देर रात लौटे। रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच बदमाशों ने उनके घर के बाहर उत्पात मचाया, सुरक्षा गार्ड व स्टाफ को पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। जेना ने कुछ भाजपा और निलंबित बीजद कार्यकर्ताओं की संलिप्तता का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री और डीजीपी से कार्रवाई की मांग

जेना ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और पुलिस महानिदेशक से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि राज्य की राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद भुवनेश्वर के यूनिट-6 स्थित जेना के आवास पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कमिश्नरेट पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त बल तैनात किया है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

निलंबन के बाद बढ़ा विवाद

सूत्रों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब बीजद ने कथित दल-विरोधी गतिविधियों के आरोप में तीन युवा नेताओं और सात छात्र नेताओं को निलंबित किया था। यह आदेश जेना के हस्ताक्षर से जारी हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग उनके घर के बाहर जुटे, पटाखे फोड़े और नारेबाजी की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

नवीन पटनायक ने की कड़ी निंदा

ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया। पटनायक ने आरोप लगाया कि हालिया राज्यसभा चुनाव में धनबल का इस्तेमाल करने वाले लोगों ने ही इस हिंसा को अंजाम दिलाया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अलग-थलग नहीं है, बल्कि राज्य में शासन और कानून-व्यवस्था के व्यापक पतन को दर्शाती है।

उन्होंने अपने बयान में कहा कि प्रताप जेना के घर पर हथियारबंद हमला कुप्रशासन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था का शर्मनाक उदाहरण है। पटनायक ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, शीघ्र गिरफ्तारी और राज्य में शांति बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंसा और भय के माहौल में लोकतंत्र जीवित नहीं रह सकता और इस मामले में जवाबदेही तय करना जरूरी है।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …