Home / Odisha / ओडिशा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से सियासी भूचाल

ओडिशा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग से सियासी भूचाल

  •  कांग्रेस के तीन विधायक व्हिप के खिलाफ गए, बीजद में भी बगावत

  • उपासना महापात्र के वोट पर विवाद से सदन में हंगामा

हेमन्त कुमार तिवारी, भुवनेश्वर।

ओडिशा की राजधानी स्थित विधानसभा में सोमवार को राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान के दौरान ओडिशा की राजनीति में बड़ा सियासी भूचाल देखने को मिला। कांग्रेस और बीजद के कई विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे, जिससे चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और विवादास्पद हो गया।

चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में होने के कारण क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाएं पहले से ही जताई जा रही थीं।

कांग्रेस विधायकों ने व्हिप की अवहेलना की

सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के तीन विधायक भागीरथी गमांग, सोफिया फिरदौस और रमेश चंद्र जेना ने पार्टी व्हिप के खिलाफ मतदान किया।

मैं पूरी तरह कांग्रेस के साथ – गमांग

मोहना से कांग्रेस विधायक भगीरथी गमांग मतदान से पहले अचानक संपर्क से बाहर हो गए थे। पार्टी ने अपने 14 में से आठ विधायकों को बेंगलुरु भेज दिया था, लेकिन गमांग वहां नहीं गए। मतदान के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि मैं पूरी तरह कांग्रेस के साथ हूं और मैंने प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के अनुसार ही वोट दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे बेंगलुरु जाने की कोई जरूरत नहीं थी। मैं पहाड़ी क्षेत्र के गांव में रहता हूं, जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं रहता, इसलिए पार्टी के नेता मुझसे संपर्क नहीं कर पाए।

गमांग ने क्रॉस वोटिंग की – कांग्रेस अध्यक्ष

हालांकि बाद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने पुष्टि की कि गमांग ने क्रॉस वोटिंग की है। कांग्रेस ने गोमांगो को कारण बताओ नोटिस जारी की थी, क्योंकि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र काडाम और अन्य नेताओं के कई फोन कॉल का जवाब नहीं दिया था। उन्हें सोमवार सुबह 9 बजे तक पार्टी मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा गया था।

गमांग ने अपने जवाब में कहा था कि वह अंतरात्मा के अनुसार वोट देंगे। उन्होंने तर्क दिया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी व्हिप लागू नहीं होता और इस संबंध में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कुलदीप नायर बनाम भारत सरकार फैसले और 2017 के चुनाव आयोग के निर्देश का भी हवाला दिया।

सोफिया फिरदौस और रमेश चंद्र जेना पर भी आरोप

इस बीच बारबाटी-कटक की विधायक सोफिया फिरदौस और सानखेमुंडी के विधायक रमेश चंद्र जेना ने भी पार्टी लाइन से अलग जाकर मतदान किया। दोनों इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की उस बैठक में भी शामिल नहीं हुए थे, जिसमें डॉ दत्तेश्वर होता के समर्थन का फैसला लिया गया था।

बीजद में भी अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आया

राज्यसभा चुनाव के दौरान बीजद में भी अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आया। बीजद विधायक देवी त्रिपाठी ने खुलकर स्वीकार किया कि उन्होंने पार्टी लाइन के खिलाफ वोट दिया है।

उन्होंने कहा कि मैंने वरिष्ठ नेता दिलीप राय को वोट दिया है। मेरा वोट बीजू पटनायक की विरासत को सम्मान देने के लिए था।

बीजद और कांग्रेस का समझौता अनैतिक गठजोड़ – त्रिपाठी

त्रिपाठी ने बीजद और कांग्रेस के बीच कथित समझौते को “अनैतिक गठजोड़” बताते हुए सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनसे डॉ. दत्तेश्वर होता को वोट देने को कहा गया था, लेकिन उनकी अंतरात्मा ने इसकी अनुमति नहीं दी।

सौविक विस्वाल ने भी क्रॉस वोटिंग की बात स्वीकार की

इसी तरह चौदवार-कटक के विधायक सौविक विस्वाल ने भी क्रॉस वोटिंग की बात स्वीकार की। उन्होंने कहा कि मैंने उस व्यक्ति को वोट दिया है, जिसे बीजू बाबू का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने अपने पिता और पूर्व विधायक प्रभात रंजन बिस्वाल के साथ हुए व्यवहार पर भी नाराजगी जताई और कहा कि उनका वोट एक तरह का विरोध है।

बिस्वाल ने भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि जो अन्याय करता है वह भी पापी है और जो अन्याय सहता है वह भी पापी है।

उपासना महापात्र के वोट पर विवाद

इस बीच ब्रह्मगिरि की भाजपा विधायक उपासना महापात्र के वोट को लेकर भी बड़ा विवाद खड़ा हो गया। विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने आरोप लगाया कि उनके वोट को नियमों के खिलाफ स्वीकार किया गया और उन्हें दूसरा बैलेट पेपर भी जारी किया गया।

नवीन पटनायक ने कहा कि ब्रह्मगिरि की महिला विधायक ने वोट देते समय स्पष्ट गलती की, लेकिन मतदान कक्ष में मौजूद अधिकारी ने अवैध रूप से उनका वोट स्वीकार कर लिया और उन्हें दूसरा बैलेट पेपर दे दिया। यह लोकतांत्रिक मानदंडों और चुनाव नियमों का उल्लंघन है।

हालांकि भाजपा नेता सरोज कुमार पाढ़ी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उपासना महापात्र का वोट पूरी तरह वैध है। कोई भी सदस्य यदि जरूरत समझे तो प्रिसाइडिंग ऑफिसर से नया बैलेट पेपर मांग सकता है, बशर्ते वह अपना बैलेट किसी को न दिखाए।

पेन खराब होने से बैलेट पेपर पर ओवरराइटिंग

बताया जा रहा है कि मतदान के दौरान पेन खराब होने से बैलेट पेपर पर ओवरराइटिंग हो गई थी, जिसके बाद महापात्र ने दूसरा बैलेट पेपर मांगा। इस पर बीजद और कांग्रेस विधायकों ने आपत्ति जताई, जिससे लगभग 30 मिनट तक मतदान प्रक्रिया बाधित रही।

राज्य के विकास को प्राथमिकता – महापात्र

बाद में मतदान पूरा करने के बाद महापात्र ने कहा कि हमें पार्टी के निर्देशों के अनुसार मतदान करने का प्रशिक्षण दिया गया है। हम हमेशा पार्टी के हित और राज्य के विकास को प्राथमिकता देंगे।

निलंबित विधायक सनातन महाकुड़ ने भी डाला वोट

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजद के निलंबित विधायक सनातन महाकुड़ ने भी मतदान किया और पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि मैंने उस उम्मीदवार को वोट दिया है जो राज्य के हित में काम करेगा। मैंने अंतरात्मा के अनुसार मतदान किया है। महाकुड़ ने यह भी कहा कि पार्टी की ओर से उनसे किसी ने संपर्क नहीं किया।

उन्होंने कहा कि मुझे बीजद की ओर से कोई पत्र नहीं मिला। निलंबित सदस्य को व्हिप जारी करने का कोई नियम नहीं है। पार्टी के किसी नेता ने मुझसे संपर्क नहीं किया।

मैं बीजद के पीछे नहीं दौड़ूंगा – महाकुड़

उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे नजरअंदाज किया गया और बिना पूछे मेरी सीट भी बदल दी गई। मैं बीजद के पीछे नहीं दौड़ूंगा।

नव किशोर मल्लिक, सुभासिनी जेना, रमाकांत भोई और अरविंद के नाम चर्चे में

 

भुवनेश्वर में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग देने वालों में बीजद के विधायक नव किशोर मल्लिक, सुभासिनी जेना, रमाकांत भोई और अरविंद महापात्र शामिल बताए जा रहे हैं। इन विधायकों के मतदान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है।

बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने को लेकर पहले ही पार्टी की ओर से व्हिप जारी किया गया था। इसके बावजूद कुछ विधायकों द्वारा अलग रुख अपनाने की खबरों ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की क्रॉस वोटिंग की घटनाएं पार्टी के भीतर चल रहे असंतोष का संकेत हो सकती हैं। हालांकि इस मामले में पार्टी की ओर से औपचारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

 

 

Share this news

About admin

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …