Home / Odisha / राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव

राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव

  •     बीजद और कांग्रेस ने विधायकों को जारी किया व्हिप

  •     नवीन पटनायक ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग और गुंडागर्दी का आरोप लगाया

  •    शेरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण चंद्र नायक से मुलाकात की

भुवनेश्वर। ओडिशा में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा गया है। बीजद और कांग्रेस ने अपने-अपने विधायकों को व्हिप जारी कर पार्टी अनुशासन कड़ा कर दिया है। वहीं बीजद प्रमुख ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग और गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने शेरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण चंद्र नायक से मुलाकात की, जिन्हें कथित तौर पर भाजपा समर्थित गुंडों ने हमला कर घायल कर दिया था।

पटनायक ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि उनके अपने निर्वाचन क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो राज्य के अन्य हिस्सों में स्थिति और भी खराब हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग में व्यस्त है, जबकि विदेशों के युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लाखों ओड़िया लोगों को सुरक्षित वापस लाने जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

विदेशों में फंसे ओड़िया लोगों को वापस लाने की मांग

उन्होंने राज्य सरकार से अपील की कि विदेशों में फंसे ओड़िया लोगों को तुरंत सुरक्षित वापस लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल में राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने का भी आरोप लगाया।

बीजद ने तीन लाइन का सख्त व्हिप जारी किया

इधर, आगामी राज्यसभा चुनाव को देखते हुए बीजद ने अपने सभी विधायकों को सख्त तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। यह व्हिप बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक ने जारी किया है।

व्हिप के अनुसार पार्टी के सभी विधायकों को 13 मार्च से 16 मार्च तक भुवनेश्वर नहीं छोड़ने और मतदान के दिन सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक विधानसभा परिसर में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

क्रॉस वोटिंग और जोरदार लॉबिंग की चर्चाएं तेज

ओडिशा में 16 मार्च 2026 को होने वाले राज्यसभा चुनाव में चार सीटों के लिए मतदान होना है। नाम वापसी नहीं होने के कारण पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। सत्तारूढ़ भाजपा के कम से कम दो सीटें जीतने की संभावना जताई जा रही है, जबकि करीब 48 विधायकों के समर्थन के साथ बीजद के एक सीट जीतने की उम्मीद है। चौथी सीट के लिए बीजद और कांग्रेस समर्थित साझा उम्मीदवार मैदान में है, जहां क्रॉस वोटिंग और जोरदार लॉबिंग की चर्चाएं भी तेज हैं।

कांग्रेस ने भी जारी किया व्हिप

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी अपने विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने पार्टी के सभी विधायकों को 16 मार्च तक भुवनेश्वर में रहने और चुनाव प्रक्रिया में अनिवार्य रूप से भाग लेने का निर्देश दिया है। कांग्रेस ने भी यह कदम संभावित क्रॉस-वोटिंग और दलबदल की आशंकाओं को देखते हुए उठाया है, ताकि पार्टी समर्थित उम्मीदवार को आवश्यक मत मिल सकें।

पांच उम्मीदवार मैदान में

ओडिशा से राज्यसभा की चार सीटों के लिए होने वाले चुनाव में इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। पांच उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें बीजद के संतृप्त मिश्र, बीजद-कांग्रेस-माकपा समर्थित साझा उम्मीदवार डॉ. दंत्तेश्वर होता, भाजपा के मनमोहन सामल और सुजीत कुमार, तथा भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय शामिल हैं।

गौरतलब है कि एक दशक से अधिक समय बाद ओडिशा में राज्यसभा चुनाव में वास्तविक मुकाबला देखने को मिल रहा है, क्योंकि पिछले कई चुनाव बिना मुकाबले के ही संपन्न हुए थे।

मतदान 16 मार्च को विधानसभा परिसर में

मतदान 16 मार्च को विधानसभा परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू की जाएगी।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …