Home / Odisha / नयागढ़ में फिर शुरू होगी चीनी मिल

नयागढ़ में फिर शुरू होगी चीनी मिल

  • बंद पड़ी सभी चीनी मिलों को चालू करने की घोषणा

भुवनेश्वर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि ओडिशा के नयागढ़ जिले में जल्द ही चीनी मिल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में जो भी चीनी मिलें बंद हो चुकी हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से फिर से चालू करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि बंद चीनी मिल हमें दें।
शाह ने कहा कि इससे गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सहकारिता और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
 चुनावी वादे पूरे, विकास तेजी से आगे बढ़ रहा
शाह ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कई चुनावी वादों को पूरा कर दिया है और ओडिशा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दशकों की विकास कमी को पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शाह ने कहा कि जनता का जनादेश मजबूरी नहीं बल्कि आशीर्वाद होता है और उसी विश्वास के साथ सरकार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार की हर योजना राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाई जाएगी, जिससे किसान, युवा और महिलाएं सशक्त बन सकें।
 हर जिले में बनेगी फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला
अमित शाह ने कहा कि देश में लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों के तहत अब अपराधों की जांच में फोरेंसिक विज्ञान की भूमिका अनिवार्य कर दी गई है। इसी के तहत ओडिशा के हर जिले में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना का भी मार्ग प्रशस्त किया गया है और तीन वर्षों में इसका कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। शाह ने कहा कि इससे जांच प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक और पारदर्शी बनेगी तथा न्याय व्यवस्था मजबूत होगी।
 नवीन पटनायक और कांग्रेस पर अमित शाह का हमला
शाह ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो दशकों में राज्य के विकास की गति रुक गई थी और सहकारिता क्षेत्र के लिए भी कोई ठोस पहल नहीं की गई।
शाह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने कई बार देश को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बदनाम करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अब जनता के आशीर्वाद से ओडिशा में विकास की नई शुरुआत हुई है और राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
 ओडिशा के हर गांव में मजबूत सहकारिता समितियां बनेंगी
शाह ने कहा कि ओडिशा में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के लिए हर जिले और गांव में सहकारिता समितियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से किसानों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य में दुग्ध सहकारिता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। शाह ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत मिलेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …