मुंबई । मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन की शुरुआत से पहले अपनी नई जर्सी का अनावरण किया है। पांच बार की चैंपियन टीम की यह जर्सी नए और बोल्ड डिज़ाइन के साथ पेश की गई है, जिसमें अंग्रेजी अक्षर ‘M’ से प्रेरित पैटर्न को दोहराते हुए पूरे डिज़ाइन में रिद्म और निरंतरता बनाई गई है।
टीम ने बयान में बताया कि 2025 की जर्सी में टीम का पारंपरिक नीला और सुनहरा रंग था, लेकिन 2026 संस्करण में ‘M’ पैटर्न के जरिए एक अधिक गतिशील दृश्य पहचान दी गई है। यह ‘M’ एमआई की मानसिकता, सोच और गति का प्रतीक है, जो टीम के फोकस और आगे बढ़ने की भावना को दर्शाता है। एक अक्षर को एकीकृत पैटर्न में बदलना उस सामूहिक ताकत को दर्शाता है, जो टीम और उसके समर्थकों के एक साथ आने से पैदा होती है।
बयान के अनुसार गहरा नीला रंग मुंबई की ऊर्जा और निरंतर गतिशीलता को दर्शाता है, जबकि सुनहरी लहरें डिजाइन में ऊर्जा और गति का अहसास कराती हैं। सुनहरा रंग सफलता, जीत और विरासत का प्रतीक माना जाता है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी एक बार फिर हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या करेंगे, जो इस समय आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार फॉर्म में हैं।
आईपीएल 2025 में टीम ने खराब शुरुआत के बाद वापसी करते हुए प्लेऑफ तक जगह बनाई थी, लेकिन क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से हार गई थी। मुंबई इंडियंस ने 2020 के बाद से कोई भी आईपीएल खिताब नहीं जीता है। ऐसे में टीम 19वें सीजन में अपने खिताबी सूखे को खत्म करने के इरादे से उतरेगी। यदि टीम इस बार ट्रॉफी जीतती है, तो वह आईपीएल इतिहास में छह खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
