-
संदिग्ध युवक बैग छोड़कर फरार, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
सोनपुर। जिसे के डुंगरीपाली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.69 लाख रुपये नकद और 19 विदेशी मुद्रा के नोट जब्त किया है। यह बरामदगी उस समय हुई जब एक संदिग्ध युवक अपना बैग छोड़कर स्टेशन से फरार हो गया।
रेलवे सुरक्षा बल के एक हवलदार ने स्टेशन परिसर में एक युवक को बैग के साथ संदिग्ध स्थिति में बैठे देखा और उससे बैग की सामग्री के बारे में पूछताछ की। पूछताछ शुरू होते ही युवक बैग वहीं छोड़कर भाग निकला।
अधिकारियों ने बैग खोलकर जांच की तो उसमें 2.69 लाख रुपये नकद के साथ 19 विदेशी नोट मिले। ये नोट संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, चीन और थाईलैंड जैसे देशों के बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने युवक की पहचान करने और इतनी बड़ी नकदी व विदेशी मुद्रा रखने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस बरामदगी से अवैध गतिविधियों या तस्करी की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस ने पुष्टि की है कि जब्त की गई राशि और विदेशी नोटों को कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों द्वारा धन के स्रोत और विभिन्न देशों की मुद्रा साथ रखने के उद्देश्य की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं यह मामला किसी बड़े आर्थिक अपराध या गिरोह से जुड़ा तो नहीं है।
संदिग्ध युवक के अचानक फरार हो जाने से मामला और भी गंभीर हो गया है। कानून प्रवर्तन एजेंसियां उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर चुकी हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
