Home / Odisha / धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र

धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र

  •     बलिदानी बाजी राउत जन्म शताब्दी पर दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित करने का किया अनुरोध

भुवनेश्वर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर भारत के सबसे कम उम्र के शहीद बाजी राउत की जन्म शताब्दी के अवसर पर राजधानी नई दिल्ली में एक भव्य राष्ट्रीय स्तरीय स्मृति कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया है।

पत्र में प्रधान ने शहीद बाजी राउत के अद्वितीय साहस और बलिदान को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं।

उन्होंने उल्लेख किया कि 5 अक्टूबर 1926 को नीलकंठपुर में जन्मे बाजी राउत ने मात्र 12 वर्ष की आयु में ब्रिटिश सैनिकों को नदी पार कराने से इनकार करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। 11 अक्टूबर 1938 को नीलकंठपुर घाट पर उनका यह महान बलिदान गड़जात आंदोलन को नई दिशा देने के साथ राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ। उन्होंने कहा कि बाजी राउत केवल ओडिशा के क्षेत्रीय नायक नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए युवा देशभक्ति के अमर प्रतीक और राष्ट्रीय आइकन हैं।

शहीद बाजी राउत की जन्म शताब्दी 5 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर 5 अक्टूबर 2026 तक वर्षभर मनाई जा रही है। ओडिशा के मुख्यमंत्री ने भी राज्य स्तर पर ‘शहीद बाजी राउत मेमोरियल फाउंडेशन’ के सहयोग से इस अवसर को औपचारिक रूप से मनाने की घोषणा की है।

इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए प्रधान ने “शहीद बाजी राउत की अमर गाथा : राष्ट्र निर्माण के लिए युवाशक्ति को प्रेरणा” शीर्षक से राष्ट्रीय छात्र एवं युवा सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा है।

उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर सेमिनार, संवाद, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा इतिहास में उपेक्षित स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएं।

पत्र में कहा गया है कि यदि यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होता है, तो इससे देश के विभिन्न भागों से छात्र-युवाओं को एक मंच पर लाने में सहायता मिलेगी तथा उनमें मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना मजबूत होगी।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …