-
ओडिशा में खुलेंगे नए विश्वविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज
-
संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए
भुवनेश्वर। राज्य सरकार उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के विस्तार को लेकर सक्रिय हो गई है। हालिया बजट में चार नए विश्वविद्यालय और दो सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने की घोषणा को शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। घोषणा के तुरंत बाद उद्योग, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के आयुक्त-एवं -सचिव को पत्र लिखकर आवश्यक प्रशासनिक और वैधानिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने को कहा है। साथ ही जिलाधिकारियों को भी समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
बजट के तहत पारादीप और बलांगीर में दो नए सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। मंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन और अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थापना प्रक्रिया को तेज करने पर जोर दिया, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर संस्थान कार्यात्मक हो सकें। सरकार का मानना है कि इससे दोनों जिलों के शिक्षा क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन आएगा।
इसके अलावा जगतसिंह जिला मुख्यालय में एक ग्रीनफील्ड विश्वविद्यालय की स्थापना की भी घोषणा की गई है। मंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त एवं सचिव को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय स्थापना की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं तथा जिला प्रशासन को भी आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
जगतसिंहपुर में लंबे समय से विश्वविद्यालय और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज की मांग की जा रही थी। इस बार बजट में इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने पर मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। मंत्री स्वाईं ने कहा कि तकनीकी शिक्षा का विस्तार राज्य के “समृद्ध ओडिशा” लक्ष्य को साकार करने के साथ युवाओं के विकास और रोजगार के नए अवसर खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
