-
विपक्षी सदस्यों के हंगामा से प्रश्नकाल व शून्यकाल फिर बाधित
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा सत्र के सातवें दिन विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। कार्यवाही के दौरान बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्यों ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए सदन में जोरदार हंगामा किया।
मंगलवार को निर्धारित कार्यसूची के अनुसार सुबह 10.30 बजे विधानसभा में सदन का कामकाज शुरू हुआ। प्रश्नकाल प्रारंभ करने के लिए स्पीकर सुरमा पाढ़ी ने नगर विकास मंत्री डॉ कृष्णचंद्र महापात्र से ड्रेनेज से संबंधित प्रश्न का उत्तर देने को कहा। मंत्री ने उत्तर देना शुरू किया, लेकिन बीजद के सदस्यों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे के बीच उनकी आवाज प्रेस गैलरी तक साफ सुनाई नहीं दे रही थी।
बीजद के सदस्यों ने धानमंडी की समस्याएं, धान खरीद में अनियमितताओं और अन्य किसान मुद्दों को लेकर विरोध जताया। विरोधी सदस्य विधानसभा का मध्यभाग में आकर जमकर नारेबाजी करने लगे। स्पीकर ने कई बार विपक्ष के सदस्यों से संयम बरतने और कार्यवाही में सहयोग करने का अनुरोध किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
इसके बाद स्पीकर ने 10.38 बजे प्रश्नकाल को 11.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। सदन की कार्यवाही फिर 11.30 बजे शुरू हुई, लेकिन शून्यकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों का हंगामा जारी रहा। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष ने शून्यकाल में कांग्रेस व भाजपा के सदस्यों को बोलने के लिए अनुमति दी, लेकिन धीरे-धीरे हंगामा बढ़ता गया और स्पीकर ने फिर 12.05 बजे तक सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
