इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर लगाया गया दो साल का प्रतिबंध रद्द कर दिया। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) द्वारा लगाया गया यह प्रतिबंध सरकार ने ‘गैरकानूनी और असंवैधानिक’ करार दिया है।
पीएचएफ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से ठीक पहले तारिक बुगती ने अम्माद शकील बट को फेडरेशन की आलोचना करने के आरोप में दो साल के लिए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हॉकी से प्रतिबंधित कर दिया था। बट ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को लेकर फेडरेशन पर गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा संरक्षक-इन-चीफ नियुक्त किए गए पीएचएफ के अंतरिम अध्यक्ष मुहयुद्दीन अहमद वानी ने बुगती के इस फैसले को पलटते हुए इसे “गैरकानूनी और असंवैधानिक कदम” बताया।
ऑस्ट्रेलिया दौरे से टीम की वापसी के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। कैनबरा में खेले गए एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों के दौरान टीम को भारी लॉजिस्टिक समस्याओं का सामना करना पड़ा। राज्य संचालित पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (पीएसबी) द्वारा टीम के लिए पांच सितारा होटल में ठहरने हेतु एक करोड़ रुपये जारी किए जाने के बावजूद खिलाड़ियों को एयरबीएनबी आवास में ठहरना पड़ा।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुगती का इस्तीफा तुरंत स्वीकार करते हुए मुहयुद्दीन अहमद वानी को पीएचएफ का एड-हॉक अध्यक्ष और ब्रिगेडियर मुसरतुल्लाह को महानिदेशक नियुक्त किया है। दोनों फिलहाल अस्थायी रूप से हॉकी मामलों का प्रबंधन करेंगे।
बुधवार तड़के टीम की स्वदेश वापसी के बाद अम्माद बट और अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों ने हवाई अड्डे पर मीडिया से कहा था कि वे मौजूदा प्रबंधन के साथ काम जारी नहीं रख सकते। बट ने खुलासा किया कि खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में अपनी समस्याओं पर मीडिया से बात न करने की धमकी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दौरे के दौरान खिलाड़ियों को ‘रसोई साफ करने और बर्तन धोने’ के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, जिस होटल में टीम के ठहरने की व्यवस्था की गई थी, वहां अग्रिम भुगतान न होने के कारण प्रवेश से मना कर दिया गया, जिसके चलते खिलाड़ियों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा।
बट ने यह भी दावा किया कि अधिकांश खिलाड़ियों को पिछले एक साल से दैनिक भत्ता नहीं मिला है। दूसरी ओर, तारिक बुगती ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि दौरे की सभी व्यवस्थाएं बोर्ड ने संभाली थीं।
प्रदर्शन के लिहाज से भी पाकिस्तान टीम का एफआईएच प्रो लीग में अभियान निराशाजनक रहा है। टीम अब तक अपने सभी आठ मुकाबले नीदरलैंड, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ हार चुकी है और नौ टीमों की प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर है। पाकिस्तान को चार महीने बाद विश्व कप के अंतिम क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मिस्र दौरा करना है।
साभार – हिस
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
