-
1.21 लाख किसानों को डीबीटी से 1,055 करोड़ से अधिक राशि हस्तांतरित
-
दिग्गपहंडी अव्वल, पात्रपुर 94.93 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर
ब्रह्मपुर। राज्य के प्रमुख कृषि प्रधान जिलों में शामिल गंजाम जिला में चालू खरीफ विपणन सत्र के दौरान धान खरीद में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने उपखंड और प्रखंड स्तर पर मंडियों के सुचारु संचालन, सरल पंजीकरण प्रक्रिया तथा किसानों के खातों में सीधे भुगतान सुनिश्चित कर व्यवस्था को प्रभावी बनाया है।
47.98 लाख क्विंटल की खरीद
जिले को कुल 54,46,201 क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य दिया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 47,98,588 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है। यह लगभग 88 प्रतिशत उपलब्धि है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती देते हुए 1,21,816 किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से 1,055 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार खरीद प्रक्रिया अधिक तेज गति से आगे बढ़ी है, जिससे किसानों में संतोष का माहौल है।
योजनाबद्ध निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम
जिला कलेक्टर वी कीर्ति वासन के निर्देशन में मंडियों का नियमित निरीक्षण, मीडिया में उठे मुद्दों पर त्वरित संज्ञान तथा विभागीय समन्वय के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी है। विशाल भौगोलिक क्षेत्र होने के बावजूद नियमित समीक्षा बैठकें और पीएसीएस व अन्य एजेंसियों के साथ तालमेल से खरीद कार्य निरंतर प्रगति पर है।
कलेक्टर ने विश्वास व्यक्त किया है कि शेष धान की खरीद शीघ्र पूर्ण कर ली जाएगी तथा प्रत्येक पात्र किसान को इस प्रक्रिया का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रखंडवार प्रदर्शन में दिग्गपहंडी सबसे आगे
प्रखंडवार प्रदर्शन में दिग्गपहंडी ने 95.06 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि पात्रपुर 94.93 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।
इसके अलावा धाराकोट में 92.81%, बुगुड़ा में 92.00%, शेरगड़ा में 91.99%, कुकुड़ाखंडी में 91.43%, बेलागुंठा में 91.20%, सोरड़ा में 91.09%, चिकिटि में 90.82%, सानखेमुंडी में 90.47%, जगन्नाथप्रसाद में 90.18%, भंजनगर में 88.45%, हिंजिलिकट में 88.32%, छत्रपुर में 86.36%, आस्का में 86.00%, पोलसरा में 85.87%, रंगेइलुंडा में 84.96%, गंजाम में 83.62%, खल्लीकोट में 83.20%, कविसूर्यनगर में 78.27%, बेगुनियापड़ा में 75.99%, पुरुषोत्तमपुर में 73.92% धान की खरीद हुई है।
1.56 लाख पंजीकृत किसानों में से 1.30 लाख ने बेचा धान
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, जिले में पंजीकृत 1,56,713 किसानों में से 1,30,140 किसान अब तक अपना धान बेच चुके हैं। 54,44,651.54 क्विंटल के समग्र लक्ष्य के विरुद्ध 47,74,210.68 क्विंटल की खरीद पूरी हो चुकी है, जो 87.69 प्रतिशत उपलब्धि दर्शाती है। गंजाम जिले की यह उपलब्धि न केवल किसानों की आय में स्थिरता ला रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
