-
आपात स्थिति में 15 मिनट की अतिरिक्त छूट
-
सभी केंद्र होंगे सीसीटीवी निगरानी में
-
5.61 लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल
भुवनेश्वर। ओडिशा में 19 फरवरी से शुरू हो रही हाई स्कूल सर्टिफिकेट (एचएससी) परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ओडिशा ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब परीक्षार्थियों को आपात स्थिति में सुबह 9:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। पहले यह समय सीमा 9:15 बजे तक थी।
बोर्ड अध्यक्ष श्रीकांत तराई के अनुसार, छात्रों को 15 मिनट की अतिरिक्त ग्रेस अवधि दी गई है, लेकिन 9:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा।
नकल पर सख्त कार्रवाई
राज्यभर में कुल 3,082 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है, जहां परीक्षा प्रक्रिया की लाइव निगरानी बोर्ड के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि नकल करते पाए जाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस बार निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
दिव्यांग छात्रों को विशेष सुविधा
दिव्यांग परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर उनके लिए लेखक (स्क्राइब) की व्यवस्था की गई है। छात्र चाहें तो अपने साथ स्वयं का लेखक भी ला सकते हैं, बशर्ते वह कक्षा दसवीं से निम्न कक्षा का विद्यार्थी हो।
एक पाली में होगी परीक्षा
सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष कुल 5,61,979 विद्यार्थी राज्यभर के 3,082 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा एक ही पाली में सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बोर्ड ने कहा है कि इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और तनावमुक्त परीक्षा वातावरण सुनिश्चित करना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
