Home / Sports / राष्ट्रीय अनुपालन मंच की बैठक में हुई डोपिंग रोकथाम उपायों की समीक्षा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

राष्ट्रीय अनुपालन मंच की बैठक में हुई डोपिंग रोकथाम उपायों की समीक्षा

नई दिल्ली। खेलों में डोपिंग से जुड़े उभरते मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए राष्ट्रीय अनुपालन मंच (एनसीपी) की चौथी बैठक में
एंटी-डोपिंग पहलों की व्यापक समीक्षा की गई है। बैठक में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव (खेल) हरि रंजन राव ने डोपिंग की रोकथाम और देश में स्वच्छ एवं निष्पक्ष खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालयों के बीच बेहतर समन्वय को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। राव ने कहा कि डोपिंग की घटनाओं को रोकने के लिए समन्वित प्रवर्तन कार्रवाई, आपूर्ति श्रृंखला की कड़ी निगरानी और जागरूकता अभियानों को तेज करना आवश्यक है, ताकि अनजाने में होने वाली डोपिंग के जोखिम को कम किया जा सके और स्वच्छ खेल की गरिमा बनी रहे।
बैठक के दौरान नियामक निगरानी को सुदृढ़ करने, परीक्षण और निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने तथा प्रवर्तन एजेंसियों के बीच प्रभावी खुफिया जानकारी साझा करने की व्यवस्था को बेहतर करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में दूषित एवं गलत लेबल वाले पोषण अनुपूरकों, चिकित्सकीय पर्चे की दवाओं के दुरुपयोग तथा प्रतिबंधित एवं अप्रमाणित पदार्थों की ऑनलाइन बिक्री और प्रचार जैसे उभरते खतरों पर भी विचार किया गया। हितधारकों ने नमूनों की जांच बढ़ाने, प्रयोगशालाओं की क्षमता का आकलन करने तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के समन्वय से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं के माध्यम से पोषण अनुपूरकों की जांच सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए संरचित एंटी-डोपिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, सुलभ शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों—विशेषकर अनुसूची ‘एच’ की दवाओं की बिक्री केवल वैध चिकित्सकीय पर्चे पर सुनिश्चित करने—के कड़ाई से पालन पर बल दिया गया। बैठक में यह भी दोहराया गया कि डोपिंग को उसके स्रोत पर रोकने, अंतरराष्ट्रीय एंटी-डोपिंग मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने, खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा भारत की वैश्विक खेल प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए सरकार के समग्र दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
बैठक में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, विधि एवं न्याय मंत्रालय, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ), भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा), भारतीय खेल प्राधिकरण तथा भारतीय पैरालंपिक समिति सहित विभिन्न मंत्रालयों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …