-
एकाम्र हेरिटेज प्रोजेक्ट के तहत होगा कायाकल्प
-
विशाल लिंगराज प्रतिमा और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनेगा
भुवनेश्वर। राजधानी भुवनेश्वर स्थित ऐतिहासिक बिंदुसागर सरोवर को हेरिटेज लेक के रूप में विकसित किया जाएगा। यह कार्य एकाम्र हेरिटेज प्रोजेक्ट के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसे वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी जानकारी राज्य के कानून एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने रविवार को दी।
मंत्री ने बताया कि पार्किंग क्षेत्र के अंतिम छोर पर एक इंटरप्रिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। साथ ही, भगवान लिंगराज की एक भव्य और विशाल प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। इन नए प्रस्तावों के जुड़ने से परियोजना की कुल लागत में वृद्धि होने की संभावना है।
सरोवर और आसपास का होगा समग्र विकास
हरिचंदन ने कहा कि मूल योजना में शामिल न होने के बावजूद अब बिंदुसागर और उसके आसपास के क्षेत्र के परिधीय विकास को भी परियोजना में जोड़ा गया है। सरोवर को अत्यंत सुंदर और पूर्ण हेरिटेज लेक का स्वरूप देने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। डिजाइन टीम को भी इस दिशा में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एकाम्र प्रोजेक्ट को चालू वित्तीय वर्ष के भीतर हर हाल में पूरा किया जाएगा।
नई एजेंसी को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
मंत्री ने यह भी बताया कि पहले नियुक्त एजेंसी ने कार्य जारी रखने से इनकार कर दिया था, जिसके कारण पूर्व कार्य को डि-स्कोप किया गया। अब नई एजेंसी को संपूर्ण विस्तारित कार्यक्षेत्र, जिसमें बिंदुसागर का विकास, आसपास का सौंदर्यीकरण, इंटरप्रिटेशन सेंटर और भगवान शिव (लिंगराज) की विशाल प्रतिमा का निर्माण शामिल है, सौंपा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि धन की कोई कमी नहीं है और आवश्यकतानुसार राशि आवंटित की जाएगी। सभी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
