-
लाइफगार्ड्स की त्वरित कार्रवाई से डूबने से बचे 5 पर्यटक
-
तेज लहरों ने अचानक बढ़ाया खतरा
पुरी। पुरी समुद्र तट पर रविवार को बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब समुद्र में डूब रहे पांच पर्यटकों को लाइफगार्ड टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तेज लहरों और अचानक बढ़े जलस्तर के कारण पर्यटक गहरे पानी में फंस गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले तीन पर्यटक तेज लहरों की चपेट में आकर संतुलन खो बैठे और समुद्र में बहने लगे। स्थिति गंभीर होती देख तट पर तैनात लाइफगार्ड्स ने तुरंत समुद्र में छलांग लगाई। उनकी त्वरित और साहसिक कार्रवाई से सभी पांचों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक संभावित त्रासदी टल गई।
पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
गौरतलब है कि 23 दिसंबर 2025 को भी पुरी बीच पर इसी तरह की घटना सामने आई थी। सेक्टर नंबर-9 बीच, चैतन्य चौक के पास पश्चिम बंगाल से आए चार पर्यटक समुद्र में स्नान करते समय गहरे पानी में बह गए थे। अन्य पर्यटकों की सूचना पर लाइफगार्ड्स ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया था।
सुरक्षा चेतावनियों की अनदेखी पड़ रही भारी
हालांकि प्रमुख समुद्र तटों पर लाइफगार्ड्स की तैनाती की गई है, फिर भी पर्यटकों द्वारा सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी के कारण ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं। लाइफगार्ड्स नियमित रूप से पर्यटकों को गहरे पानी में न जाने, तेज धाराओं और रिप करंट क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह देते हैं। समुद्र की अनिश्चित परिस्थितियों के बीच लाइफगार्ड टीम की सतर्कता और साहस ने एक बार फिर कई जिंदगियां बचा लीं। यह घटना समुद्र तट पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
