Home / Odisha / हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट रोमांचक दौर में
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट रोमांचक दौर में

  •     हरि प्लास्ट फाइनल में, पश्चिम बंगाल पुलिस सेमीफाइनल में

बालेश्वर। बालेश्वर में आयोजित हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट रोमांचक मुकाबलों के साथ अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। पहले सेमीफाइनल में हरि प्लास्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएसबी सिलीगुड़ी को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया, वहीं ग्रुप ‘बी’ के पहले मैच में पश्चिम बंगाल पुलिस स्पोर्ट्स क्लब ने एमईजी बेंगलुरु को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

हरि प्लास्ट की दमदार जीत

ग्रुप ‘ए’ के दो विजेता टीमों हरि प्लास्ट और एसएसबी सिलीगुड़ी के बीच खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हरि प्लास्ट ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के दूसरे ही मिनट में छोटू मुर्मू ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। 29वें मिनट में लव हांसदा ने दूसरा गोल दागा। 39वें मिनट में छोटू मुर्मू ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर सिलीगुड़ी पर दबाव और बढ़ा दिया।

दूसरे हाफ के 23वें मिनट में सिलीगुड़ी के एल हाओकिप ने एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन अंतिम समय में लव हांसदा ने अपना दूसरा गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। इस जीत के साथ हरि प्लास्ट ने फाइनल में प्रवेश कर लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छोटू मुर्मू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

ग्रुप ‘बी’ में पश्चिम बंगाल पुलिस की जीत

ग्रुप ‘बी’ के पहले मैच में बैरकपुर की पश्चिम बंगाल पुलिस स्पोर्ट्स क्लब और एमईजी बेंगलुरु के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पहले हाफ के 16वें मिनट में पश्चिम बंगाल पुलिस के नुराउद्दीन मंडल (जर्सी नंबर 24) ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद एमईजी बेंगलुरु ने कई प्रयास किए, लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो सकी। अंततः पश्चिम बंगाल पुलिस 1-0 से विजयी रही। नुराउद्दीन मंडल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। इस जीत के साथ पश्चिम बंगाल पुलिस ग्रुप ‘बी’ की पहली विजेता टीम बनकर सेमीफाइनल में पहुंच गई।

अतिथियों की उपस्थिति और सम्मान समारोह

हिमांशु हरि फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष नारायण प्रधान एवं नगर पालिका अध्यक्ष सबिता साहू सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। फाउंडेशन के चेयरमैन एवं युवा उद्योगपति संजय दास ने टूर्नामेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि वाइस चेयरमैन एवं हरि प्लास्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर संग्राम दास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

ग्रुप ‘बी’ के मैच के अवसर पर स्नो वर्ल्ड मेराइन के प्रबंध निदेशक प्रकाश महांती, नीलम मोटर्स के निदेशक मनीष सरावगी एवं जिला क्रीड़ा संघ के उपाध्यक्ष अमर कुमार महांती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस दौरान बालेश्वर के वरिष्ठ खिलाड़ियों शक्तिपद भट्टाचार्य, सुबीर कुमार सिंह, पीतवास नायक, देवी प्रसाद महापात्र एवं अशोक कुमार कर को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति के सचिव सुजय आचार्य ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

आगामी मुकाबले में ग्रुप ‘बी’ का दूसरा मैच कन्नूर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब (केरल) और मां कामाक्षा फुटबॉल क्लब (बिहार) के बीच खेला जाएगा। 16 तारीख को दूसरा सेमीफाइनल, 17 तारीख को कटक की नीता फुटबॉल अकादमी और पश्चिम बंगाल महिला पुलिस स्पोर्ट्स क्लब के बीच प्रदर्शनी महिला मैच तथा 18 तारीख को टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला आयोजित होगा। जिला क्रीड़ा संघ और आयोजन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के सक्रिय सहयोग से टूर्नामेंट का सफल संचालन किया जा रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …