Home / Odisha / ओडिशा में ऑपरेशन साइबर कवच की शुरुआत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में ऑपरेशन साइबर कवच की शुरुआत

  •     साइबर अपराध नेटवर्क पर ओडिशा पुलिस का बड़ा प्रहार

भुवनेश्वर। ओडिशा को सुरक्षित डिजिटल राज्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ओडिशा पुलिस ने राज्यव्यापी विशेष अभियान ऑपरेशन साइबर कवच की शुरुआत की है। यह अभियान 11 फरवरी को पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया द्वारा घोषित किया गया और 27 फरवरी तक चलेगा। इस विशेष अभियान का उद्देश्य बेनामी (म्यूल) बैंक खातों, फर्जी सिम कार्डों और संगठित साइबर ठगी गिरोहों का पूरी तरह सफाया करना है।

बलांगीर में पहली बड़ी सफलता

अभियान के शुरुआती दिनों में ही बलांगीर जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जिसने निर्दोष लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खोलकर 5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। इस मामले में दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 29 पासबुक, 15 चेकबुक, एक स्वाइप मशीन तथा कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मयूरभंज में भी कार्रवाई तेज

मयूरभंज जिले में भी म्यूल खातों के जरिए साइबर ठगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर नोटिस जारी की है तथा नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।

आई4सी के इनपुट पर कार्रवाई

यह अभियान गृह मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (आई4सी) से प्राप्त खुफिया सूचना और डाटा के आधार पर चलाया जा रहा है। प्रत्येक जिले में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है, जबकि कटक-भुवनेश्वर ट्विन सिटी कमिश्नरेट में उपायुक्त पुलिस की निगरानी में कार्रवाई की जा रही है।

14 दिनों की विशेष रणनीति

इस अभियान के तहत प्रमुख कार्रवाइयों में फर्जी पहचान पत्र के जरिए थोक में सिम बेचने वालों की पहचान और गिरफ्तारी, एटीएम एवं चेक निकासी हॉटस्पॉट की मैपिंग और कड़ी निगरानी, बैंकों के साथ समन्वय कर संदिग्ध खातों की गहन जांच शामिल हैं।

बैंक विवरण और ओटीपी किसी से साझा न करें

पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी लालच में न आएं। अपना बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अजनबी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन साइबर कवच के माध्यम से ओडिशा पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक सुरक्षित और जागरूक डिजिटल ओडिशा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …