-
एसएसबी सिलीगुड़ी को 4-1 से हराकर फाइनल में पहुंचा हरि प्लास्ट
बालेश्वर। हिमांशु दास मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबॉल टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मैच में ग्रुप ‘ए’ के दो विजेता टीमों हरि प्लास्ट और एसएसबी सिलीगुड़ी के बीच यह मुकाबला खेला गया, जिसमें हरि प्लास्ट ने 4-1 से शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
हिमांशु हरि फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट के पूर्व आयोजित समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष नारायण प्रधान एवं बालेश्वर की नगर पालिका अध्यक्ष सबिता साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बालेश्वर के किम्बदंती व्यक्तित्व स्वर्गीय हिमांशु दास की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता को सराहनीय पहल बताया।
फाउंडेशन के चेयरमैन एवं युवा उद्योगपति संजय दास ने टूर्नामेंट की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 14 तारीख को ग्रुप ‘बी’ के अंतर्गत बैरकपुर (पश्चिम बंगाल) की पुलिस स्पोर्ट्स क्लब और एमईजी बेंगलुरु के बीच मुकाबला होगा। 15 तारीख को केरल के कन्नूर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और बिहार के मां कामाक्षा फुटबॉल क्लब के बीच मैच खेला जाएगा। 16 तारीख को दूसरा सेमीफाइनल आयोजित होगा। 17 तारीख को कटक की नीता फुटबॉल अकादमी और बैरकपुर की पश्चिम बंगाल महिला पुलिस स्पोर्ट्स क्लब के बीच प्रदर्शनी महिला फुटबॉल मैच खेला जाएगा तथा 18 तारीख को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आयोजित होगा।
फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन एवं हरि प्लास्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर संग्राम दास ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए टूर्नामेंट के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बालेश्वर के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी शक्तिपद भट्टाचार्य और सुबीर कुमार सिंह को सम्मानित किया गया। अलिवा दास एवं जयरश्री दास ने उपस्थित रहकर 17 तारीख को आयोजित होने वाले महिला प्रदर्शनी मैच को देखने का आग्रह किया। आयोजन समिति के सचिव सुजय आचार्य ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया।
समारोह के उपरांत अतिथियों द्वारा दोनों टीमों के खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों का परिचय कराया गया और मैच की शुरुआत हुई। मैच के पहले ही दो मिनट में हरि प्लास्ट के छोटू मुर्मू ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। 29वें मिनट में लव हांसदा ने दूसरा गोल किया। 39वें मिनट में छोटू मुर्मू ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर सिलीगुड़ी टीम को दबाव में ला दिया।
दूसरे हाफ के 23वें मिनट में सिलीगुड़ी के एल. हाओकिप ने एक गोल कर अंतर कम किया, लेकिन अंतिम चरण में लव हांसदा ने अपना दूसरा और टीम का चौथा गोल दागकर हरि प्लास्ट की जीत सुनिश्चित कर दी। अंत हरि प्लास्ट ने 4-1 से मैच जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छोटू मुर्मू को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच में दिलीप कुमार राउत ने रेफरी, रत्नाकर सोरेन एवं उत्कल मणि बेहेरा ने सहायक रेफरी तथा सुजीत कुमार पात्र ने चौथे रेफरी के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
बालेश्वर जिला क्रीड़ा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अभय दास, उपाध्यक्ष अमर कुमार मोहंती, सह-सचिव राजेश महापात्र एवं अभ्युदय दास सहित डॉ श्रीमान श्रीचंदन, असित दास, अमरेंद्र पात्र, अयेन सेन, विश्वजीत परमानिक, संपद दास, समर्थ दास, अर्पित सायमन, अश्विनी सामल, सुशांत पंडा, दिलीप दास महापात्र, शशिभूषण मिश्रा, सुजीत महापात्र, निमाई राउतराय, प्रदीप दास, रजत दास, चिरंजीव मान्ना, फिरदोस सहित अन्य सदस्यों ने मैच के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
