-
गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, भुवनेश्वर में एआई पर कार्यशाला
-
उभरते करियर के लिए डिप्लोमा छात्रों को तैयार करने की पहल
भुवनेश्वर। कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, ओडिशा सरकार की पहल पर गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, भुवनेश्वर में “पॉलिटेक्निक शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपेंद्र सिंह पूनिया ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते रोजगार बाजार में प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता को समझना और अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने डिप्लोमा छात्रों की उन्नत तकनीकी दक्षताओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
कार्यशाला में दो प्रमुख तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। स्मार्ट एवं सतत मानवता के लिए एआई विषय पर पहला सत्र था। इस सत्र को डॉ श्रीकांत पटनायक, संस्थापक निदेशक एवं अध्यक्ष, आईआईएमटी, भुवनेश्वर ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार, सतत विकास और तकनीकी प्रगति को नई दिशा दे रही है।
एआई में करियर, भविष्य की प्रवृत्तियां एवं अवसर विषय पर दूसरा सत्र था। यह सत्र मीसम हैदर, उपाध्यक्ष (रणनीति, एआई एवं डिजिटल रूपांतरण), मायओम्फ नेटवर्क्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने एआई क्षेत्र में उभरती नौकरियों, उद्योग की अपेक्षाओं और भावी संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी।
80 से अधिक छात्रों की भागीदारी
कार्यक्रम में 80 से अधिक डिप्लोमा छात्रों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को एआई उपकरणों, विभिन्न अभियंत्रण क्षेत्रों में उनके वास्तविक उपयोग, तकनीक के नैतिक प्रयोग और नए करियर अवसरों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, भुवनेश्वर के प्राचार्य एवं संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
