Home / Sports / डलास ओपन 2026: टॉप सीड टेलर फ्रिट्ज सेमीफाइनल में पहुंचे
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

डलास ओपन 2026: टॉप सीड टेलर फ्रिट्ज सेमीफाइनल में पहुंचे

लॉस एंजेलिस (अमेरिका)। एटीपी डलास ओपन 2026 में शीर्ष वरीय अमेरिकी खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने क्वार्टरफाइनल में हमवतन सेबेस्टियन कोर्डा को कड़े मुकाबले में 6-7 (2/7), 6-4, 7-6 (7/5) से हराया।
विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज फ्रिट्ज ने निर्णायक टाई-ब्रेकर में अंतिम पांच अंक लगातार जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। यह मैच दो घंटे 30 मिनट तक चला। अब सेमीफाइनल में उनका सामना 2014 यूएस ओपन चैंपियन क्रोएशिया के मारिन सिलिच से होगा।
फ्रिट्ज का कोर्डा के खिलाफ करियर रिकॉर्ड अब 4-1 हो गया है। उन्होंने मैच में 22 ऐस लगाए और जिन चार ब्रेक प्वाइंट्स का सामना किया, उन्हें सफलतापूर्वक बचाया।
मैच के बाद फ्रिट्ज ने कहा, “मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने बड़े मौकों को किस तरह संभाला। वह मेरी सर्विस पर लगातार दबाव बना रहे थे और शानदार खेल दिखा रहे थे, लेकिन जब भी मैं ब्रेक प्वाइंट पर दबाव में था या टाई-ब्रेकर में, मैंने बेहतरीन टेनिस खेली।”
दूसरे सेट में फ्रिट्ज को दाएं कोहनी में चोट भी लगी, जब वह कोर्डा की एक शॉट को रिटर्न कर रहे थे। उन्होंने बताया कि तेज दर्द के बावजूद फिजियो की मदद और दर्दनिवारक दवाओं के बाद वह बेहतर महसूस करने लगे और निर्णायक सेट में पूरी तरह लय में लौट आए।
निर्णायक टाई-ब्रेकर में कोर्डा ने 5-2 की बढ़त बनाई और 5-4 पर मैच के लिए सर्विस भी की, लेकिन दो फोरहैंड बाहर मार बैठे। इसके बाद फ्रिट्ज ने जोरदार सर्विस विनर लगाकर मैच खत्म किया।
दूसरी ओर, मारिन सिलिच ने ब्रिटेन के क्वालीफायर जैक पिनिंगटन जोन्स को 6-1, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। एटीपी मुकाबलों में फ्रिट्ज का सिलिच के खिलाफ रिकॉर्ड 2-1 का है।
अन्य सेमीफाइनल में गत चैंपियन कनाडा के डेनिस शापोवालोव का सामना स्पेन के तीसरे वरीय एलेजांद्रो डेविडोविच फोकिना से होगा, जबकि अमेरिका के दूसरे वरीय और विश्व नंबर नौ बेन शेल्टन की भिड़ंत सर्बिया के मियोमिर केचमानोविच से होगी।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …