-
राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग का किया आह्वान
-
कहा- भारत में साल में करीब 300 दिन धूप का होना बेहतर अवसर
भुवनेश्वर। ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने प्राकृतिक संसाधनों के अधिकतम और विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग नहीं करना भी एक तरह का अपराध है। उन्होंने कहा कि भारत में साल के करीब 300 दिन पर्याप्त धूप उपलब्ध रहती है, ऐसे में सौर ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग कर ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।
राज्यपाल मंगलवार को लोक भवन में आयोजित मीडिया संवाद को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों से सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधन हमारे लिए प्रकृति का उपहार हैं और इनके संरक्षण के साथ-साथ इनका उचित उपयोग भी जरूरी है। विशेष रूप से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के पास बड़ी संभावनाएं हैं, जिनका व्यापक स्तर पर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
लोक भवन की छत पर पवन ऊर्जा का भी प्रयोग
राज्यपाल ने बताया कि लोक भवन को और अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में रूफटॉप पर पवन ऊर्जा के प्रयोग की योजना पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के साथ पवन ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों का उपयोग बढ़ाकर पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पवन ऊर्जा पर सब्सिडी दिलाने का वह प्रस्ताव रखेंगे।
उन्होंने ओडिशा की जनता से भी अपने घरों और भवनों की छतों पर रूफटॉप सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने की अपील की। राज्यपाल ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग यदि अपनी छतों पर सौर प्रणाली स्थापित करें तो इससे बिजली की जरूरत पूरी करने में मदद मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।
लोक भवन को मिला आईजीबीसी प्लेटिनम प्रमाणपत्र
मीडिया संवाद के दौरान लोक भवन, ओडिशा को भारतीय हरित भवन परिषद (आईजीबीसी) का प्लेटिनम ग्रीन कैंपस प्रमाणपत्र मिलने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। लोक भवन ने आईजीबीसी ग्रीन कैंपस रेटिंग प्रणाली के तहत 100 में 88 अंक हासिल किए हैं।
इस उपलब्धि के लिए राज्यपाल ने लोक भवन की पूरी टीम को बधाई दी और परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
लोक भवन की टीम को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर लोक भवन को आईजीबीसी प्लेटिनम प्रमाणपत्र सौंपे जाने के साथ ही इस उपलब्धि में योगदान देने वाली लोक भवन की टीम को सम्मानित भी किया गया। आईजीबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. शेखर रेड्डी ने राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपाटी को प्रमाणपत्र सौंपा।
कार्यक्रम में ओडिशा के मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव विशाल देव, पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव भास्कर ज्योति शर्मा और आईजीबीसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी. शेखर रेड्डी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
