-
देश का पहला हरित एवं प्लेटिनम लोक भवन बनने पर राज्यपाल और पूरी टीम को दी बधाई
-
अन्य विभागों में भी लागू होगी हरित परिसर की पहल
भुवनेश्वर। ओडिशा के कानून, लोक निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि लोक भवन को देश का पहला हरित और प्लेटिनम प्रमाणित लोक भवन बनाए जाने की पहल को अब राज्य के अन्य सरकारी विभागों तक भी पहुंचाया जाएगा। लोक भवन की तर्ज पर राज्य के सभी सरकारी विभागों के परिसरों को उत्कृष्ट हरित परिसर के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जाएगी।
लोक भवन में आयोजित मीडिया संवाद को संबोधित करते हुए मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए राज्यपाल डॉ. हरि बाबू खंभमपाटी और लोक भवन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक भवन को हरित परिसर के रूप में विकसित करने का प्रयास बेहद प्रेरणादायक है और इससे राज्य के अन्य सरकारी संस्थानों को भी पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
अन्य सरकारी विभागों में भी लागू होगी पहल
पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि लोक भवन में अपनाए गए हरित उपायों को राज्य सरकार के अन्य सरकारी विभागों और परिसरों में भी लागू किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सरकारी भवनों को ऊर्जा दक्ष, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों में सौर ऊर्जा, जल संरक्षण, हरित क्षेत्र, ऊर्जा दक्षता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को बढ़ावा देकर सरकार एक व्यापक हरित प्रशासनिक व्यवस्था विकसित कर सकती है।
लोक भवन बना प्रेरणा का केंद्र
मंत्री ने कहा कि लोक भवन को आईजीबीसी की ओर से प्लेटिनम ग्रीन कैंपस प्रमाणपत्र मिलना केवल एक प्रमाणपत्र हासिल करना नहीं है, बल्कि यह सरकारी परिसरों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोक भवन की यह पहल पूरे राज्य के सरकारी विभागों के लिए एक मॉडल बनेगी और आने वाले समय में अधिक से अधिक सरकारी परिसरों को हरित परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
