Home / Odisha / अड़ा नहर के पास कुख्यात डकैत को सिमुलिया पुलिस ने मारी गोली

अड़ा नहर के पास कुख्यात डकैत को सिमुलिया पुलिस ने मारी गोली

  • पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास, जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में लगी गोली

बालेश्वर –  सिमुलिया थाना क्षेत्र के अड़ा नहर के पास डकैती की योजना बना रहे पांच सदस्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिमुलिया पुलिस ने कुख्यात डकैत लोकेश सिंह उर्फ लुकू को गोली मारकर घायल कर दिया। उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है। गंभीर हालत में उसे कड़ी सुरक्षा के बीच भद्रक जिला मुख्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रत्युष दिवाकर ने शुक्रवार दोपहर पत्रकार सम्मेलन में घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे सिमुलिया पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अड़ा गांव के पास सुनसान स्थान पर पांच डकैत एकत्र होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। थाना अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और आरोपियों को हथियार नीचे रखकर आत्मसमर्पण करने को कहा।
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने के बजाय लोकेश ने पुलिस दल पर एक राउंड गोली चला दी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में एक राउंड गोली चलाई, जो लोकेश के बाएं पैर में लगी। गोली लगने के बाद मोटरसाइकिल फिसल गई और लोकेश तथा चालक नीचे गिर पड़े। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को देखते ही गिरोह के तीन अन्य सदस्य भी भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लोकेश मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह बालेश्वर जिले के कुछ युवकों को अपने गिरोह में शामिल कर धनाढ्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाता था और उनकी रेकी करने के बाद डकैती करता था। हाल ही में एक डकैती के मामले में वह सोरो जेल में बंद था और जमानत पर बाहर आया था। जेल से निकलने के बाद वह बिहार और उत्तर प्रदेश चला गया था।
लोकेश के खिलाफ बिहार के अलावा बालेश्वर जिले के सोरो, भद्रक ग्रामीण, खैरा और सिमुलिया थाना क्षेत्रों में कुल 9 डकैती के मामले दर्ज हैं। वर्ष 2021 से पहले से ही वह भद्रक और बालेश्वर जिले में डकैती की वारदातों में सक्रिय था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लोकेश ने बिहार के अलावा ओडिशा के अन्य किन जिलों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।
पत्रकार सम्मेलन में जिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परेश कुमार राउत भी उपस्थित थे।
Share this news

About desk

Check Also

धर्मेंद्र प्रधान ने साध्वी ऋतंभरा जी का श्रीमद्भागवत कथा का किया श्रवण

    कहा-भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का स्मरण मन को आनंद और शांति से देता …