-
गीतिका, कविता, भाषण, नृत्य तथा खुले मंच जैसी मनमोहक एवं ज्ञानवर्धक रहीं प्रस्तुतियां
भुवनेश्वर। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा–ज्ञानशाला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ज्ञानशाला दिवस का आयोजन भुवनेश्वर ज्ञानशाला में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। ज्ञानशाला की प्रशिक्षिकाओं द्वारा तुलसी प्रबोध के संगान से मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में सभाध्यक्ष रणजीत सिंघ बैद, सभा मंत्री वीरेंद्र बेताला, झारखंड-ओडिशा ज्ञानशाला सह-प्रभारी एवं तेरापंथ युवक परिषद्, भुवनेश्वर के अध्यक्ष जीतेंद्र बैद तथा तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुशीला सेठिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने ज्ञानशाला दिवस के अवसर पर अपने भाव व्यक्त करते हुए बच्चों एवं प्रशिक्षिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में पधारे विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों का स्वागत एवं भावपूर्ण अभिव्यक्ति ज्ञानशाला संयोजिका श्रीमती संतोष सेठिया द्वारा की गई।
ज्ञानशाला दिवस के अवसर पर ज्ञानशाला के बच्चों हीना रांका, आध्या गीड़िया, विनिशा बांठिया, लक्ष्या पुगलिया, भव्या पुगलिया, स्वरा बेताला, नायरा बेताला एवं अनन्या बैद ने गीतिका, कविता, भाषण, अर्हम्-अर्हम् गीतिका पर नृत्य तथा खुला मंच जैसी मनमोहक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा एवं उत्साह ने उपस्थित सभी का मन मोह लिया। सभा द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को पारितोषिक प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में ज्ञानशाला सहयोगी राहुल दुग्गड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का कुशल संचालन पूर्व ज्ञानशाला संयोजिका नयनतारा सुखाणी ने किया। प्रशिक्षिका प्रेमलता सेठिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी उपस्थितजनों, बच्चों एवं प्रशिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में बच्चों एवं प्रशिक्षिकाओं की उत्साहपूर्ण एवं अच्छी उपस्थिति रही। अंत में मंगल पाठ के साथ ज्ञानशाला दिवस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। ज्ञानशाला दिवस का यह आयोजन बच्चों में संस्कार, ज्ञान, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के विकास की दिशा में प्रेरणादायी रहा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
