Home / Odisha / भुवनेश्वर के वेंडिंग जोन में आग से कई दुकानें राख, लाखों का नुकसान

भुवनेश्वर के वेंडिंग जोन में आग से कई दुकानें राख, लाखों का नुकसान

भुवनेश्वर. राजधानी स्थित पोखरीपुट इलाके में मदुसूदन पार्क के पास रविवार सुबह करीब 10 बजे एक वेंडिंग जोन में भीषण आग लगने से आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं. आग के सही कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है. हालांकि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है. कुछ विक्रेताओं को संदेह है कि आग डंपिंग बिन के पास स्थित एक दुकान से फैली होगी. सड़क किनारे वेंडिंग जोन में फल, सब्जी और किराना सहित करीब 10 से 12 दुकानें चल रही थीं. कुछ दुकान मालिकों ने कहा कि उन्हें घटना के बारे में आग लगने के एक घंटे बाद पता चला. दुकानों के बंद रहने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. आग में सड़क किनारे स्थित आठ दुकानें जल गयी हैं. कल्पना दमकल केंद्र से दमकल की दो गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, जिन्होंने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया. हादसे में लाखों का माल जलकर राख हो जाने से दुकानदारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. हालांकि आग से हुए नुकसान का आंकलन तत्काल नहीं किया गया है, लेकिन विक्रेताओं को लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का संदेह है.

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …