Home / Odisha / कलिंगनगर से 25 लाख की ब्राउन शुगर बरामद, एक गिरफ्तार

कलिंगनगर से 25 लाख की ब्राउन शुगर बरामद, एक गिरफ्तार

भुवनेश्वर. कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को खंडगिरि थाना के तहत कलिंग नगर इलाके में छापेमारी के बाद 254 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है. ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. उसकी पहचान नयागढ़ जिले के दासपल्ला इलाका निवासी मुन्ना सेठी के रूप में बतायी गयी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके कब्जे से एक चारपहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल और एक देसी पिस्तौल बरामद की गई है. भुवनेश्वर डीसीपी, उमाशंकर दाश ने आज पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि आरोपी पिछले कई महीनों से कलिंग नगर इलाके में रह रहा था. उन्होंने कहा कि बरामद ब्राउन शुगर की मात्रा अधिक है. इसलिए हम मादक पदार्थों की खरीद के स्रोत का पता लगाने के लिए एक विस्तृत जांच करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी मुन्ना सेठी एक अवैध ड्रग्स व्यापार रैकेट का हिस्सा है और हम ब्राउन शुगर की खरीद और आपूर्ति में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. इससे पहले 31 अक्टूबर को ओडिशा क्राइम ब्रांच की स्पेशल टास्क फोर्स ने यहां राजधानी के बरमुंडा बस स्टैंड इलाके में एक छापे के दौरान एक करोड़ रुपये की ब्राउन शुगर जब्त की थी.

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में 2,067 एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

    18वें रोजगार मेले में सेवक-सेविका के 1,913 और जनजातीय भाषा के 154 शिक्षकों …