भुवनेश्वर। ओडिशा के उच्च माध्यमिक विद्यालयों, डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए उम्मीदवारों ने उत्साह के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान कई शिक्षण संस्थानों में समर्थकों ने जुलूस निकाले और नाच-गाने के साथ अपने उम्मीदवारों का उत्साह बढ़ाया।
नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवार समर्थकों के साथ शिक्षण संस्थानों पहुंचे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की सूची शुक्रवार शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी।
उम्मीदवार 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद उसी दिन दोपहर 3 बजे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, मतदान से एक दिन पहले 14 अक्टूबर को ‘व्हाई आई स्टैंड फॉर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मतदान 15 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा।
मतगणना और परिणामों की घोषणा 15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगी। नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह 16 अक्टूबर को सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है।
ओडिशा में लंबे अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव कराए जा रहे हैं। इससे पहले बीजू जनता दल (बीजद) की सरकार ने चक्रवात तितली और परिसर से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए 2018 में छात्रसंघ चुनाव बंद कर दिए थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
