Home / Odisha / ओडिशा ट्रैवल बाजार से पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति : दिलीप मल्लिक

ओडिशा ट्रैवल बाजार से पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति : दिलीप मल्लिक

  •     कहा- आयोजन ने ओडिशा के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले

भुवनेश्वर। ओडिशा की समृद्ध संस्कृति, विरासत, खान-पान, बोइत बंदाण की परंपरा और आकर्षक पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने तथा राज्य में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से आयोजित सातवें ओडिशा ट्रैवल बाजार-2026 का सफल आयोजन से राज्य में पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

 भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दिलीप मल्लिक ने रविवार को ये बातें कहीं। उन्होंने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पर्यटन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा तथा राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मल्लिक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन ने ओडिशा के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। देश-विदेश के प्रतिष्ठित ट्रैवल ऑपरेटरों, निवेशकों तथा पर्यटन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने में यह आयोजन सफल रहा है। राज्य की नदियों, समुद्र तटों, जंगलों, वन्यजीवों, आध्यात्मिक स्थलों और जनजातीय संस्कृति को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट स्थान दिलाने के लिए राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि ट्रैवल बाजार के माध्यम से होटल, होम-स्टे, इको-टूरिज्म और पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश की संभावनाएं बनी हैं। इससे राज्य के स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मल्लिक ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन और भाजपा सरकार के नीतिगत फैसलों के कारण ओडिशा तेजी से देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी जगह बना रहा है। पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राज्य सरकार ने 5,500 एकड़ का विशाल लैंड बैंक मंजूर किया है। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे तथा होटल निर्माण को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026 से 2031 के बीच 1,500 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार 29 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट पुलिस व्यवस्था शुरू करने जा रही है। पर्यटन क्षेत्र के विकास और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ये दूरदर्शी पहल निश्चित रूप से ओडिशा के पर्यटन विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …