-
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
भुवनेश्वर। महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी एवं लेखिका मां सरला देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा परिसर के समीप स्थित मां सरला देवी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर विधानसभा अध्यक्ष ने उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर सुरमा पाढ़ी ने कहा कि मां सरला देवी महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। उन्होंने ओडिशा विधानसभा की पहली महिला विधायक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। साथ ही, उन्होंने ओडिशा में स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व करने के साथ महिला शिक्षा, महिला जागरण और सामाजिक विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरला देवी के आदर्श, त्याग और सेवाभाव सदैव समाज को प्रेरणा देते रहेंगे। उनका जीवन महिलाओं को सशक्त बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए समर्पित रहा।
पुण्यतिथि के अवसर पर एकाम्र के विधायक बाबू सिंह, ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बुद्धिजीवी और समाजसेवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी मां सरला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके योगदान और व्यक्तित्व का स्मरण किया।
इधर, ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, समाजसेवा और साहित्य के क्षेत्र में सरला देवी के योगदान को याद किया। राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में सरला देवी की सक्रिय भागीदारी और महिलाओं में जागरूकता पैदा करने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने अपने साहित्यिक योगदान से ओडिया भाषा और साहित्य को समृद्ध किया। उनकी साहित्य साधना और सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सरला देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम, समाजसेवा और साहित्य के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने भी सरला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके साहस, त्याग और देशसेवा के प्रति समर्पण की भावना प्रत्येक ओडिया के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
