-
ओडिशा ट्रैवल बाजार-2026 में पहली बार 200 से अधिक खरीदार
-
100 से अधिक पर्यटन व्यवसाय और 6,000 से अधिक बी2बी बैठकें
भुवनेश्वर। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने गुरुवार को ओडिशा ट्रैवल बाजार (ओटीबी) के सातवें संस्करण-2026 की औपचारिक घोषणा की। तीन दिवसीय ओटीबी का आयोजन 3 से 5 अक्टूबर तक भुवनेश्वर स्थित मेफेयर सैंक्चुरी में किया जाएगा। इसकी घोषणा मेफेयर लैगून में आयोजित पूर्व-कार्यक्रम संवाददाता सम्मेलन में की गई।
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) के सहयोग से आयोजित इस बी2बी कार्यक्रम में 92 से अधिक निजी कंपनियों के प्रदर्शक, 27 देशों के विदेशी टूर ऑपरेटर और 32 शहरों से घरेलू खरीदार शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान 6,000 से अधिक पूर्व निर्धारित व्यावसायिक बैठकों का आयोजन प्रस्तावित है।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री परिडा ने कहा कि ओडिशा ऐसी पर्यटन रणनीति पर काम कर रहा है, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदायों को सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने के साथ राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाना है।
उन्होंने कहा कि हमारा टैगलाइन है ‘थिंक इंडिया, थिंक ओडिशा।’ दुनिया में यदि कोई भारत में निवेश करना या भारत को देखना चाहता है, तो उसे सबसे पहले ओडिशा के बारे में सोचना चाहिए। एडवेंचर टूरिज्म, होमस्टे और हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में हमारी प्रगतिशील नीतियों के माध्यम से ओडिशा ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रहा है।
परिडा ने कहा कि पर्यटन से होने वाला आर्थिक लाभ केवल होटल और रिसॉर्ट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राज्य के विभिन्न हिस्सों के स्थानीय समुदायों और छोटे व्यवसायों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ओडिशा की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय समुदायों से जुड़े अनुभवों को पर्यटकों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों और वैश्विक पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों से ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवंत परंपराओं, विशेषकर ग्रामीण ओडिशा की सांस्कृतिक विशेषताओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने में सहयोग करने का आग्रह किया।
ओटीबी-2026 के तहत राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए आठ प्री और पोस्ट-इवेंट फेमिलियराइजेशन (एफएएम) टूर आयोजित किए जाएंगे। इन दौरों में टूर ऑपरेटरों, खरीदारों, मीडिया प्रतिनिधियों और इन्फ्लुएंसर्स को ओडिशा के विभिन्न पर्यटन उत्पादों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
एफएएम टूर के दौरान राज्य की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत, प्राकृतिक एवं वन्यजीव स्थलों, जनजातीय परंपराओं, तटीय आकर्षणों और अनुभव आधारित पर्यटन गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध शेफ रणवीर बराड़ का अनुभव साझा सत्र भी प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें ओडिशा के खान-पान और पाक परंपराओं को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
संवाददाता सम्मेलन में पर्यटन विभाग के आयुक्त-सह-सचिव बलवंत सिंह, पर्यटन निदेशक दीपांकर महापात्र, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ ओडिशा (एचआरएओ) के महासचिव धीमान मजूमदार, ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ ओडिशा (टीएएओ) के सचिव आलोक महराणा, आईएटीओ ओडिशा चैप्टर के अध्यक्ष गगन सारंगी, एंटरप्राइजिंग नॉट ऑफ ट्रैवल एंड टूरिज्म एसोसिएट्स (ईकेटीटीए) के अध्यक्ष देबाशीष मिश्रा तथा ओटीओए के सचिव युगब्रत कर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
