-
सामान्य से 29 फीसदी अधिक वर्षा, देश में 13 फीसदी बारिश की कमी
-
ओडिशा में 1,482.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
भुवनेश्वर। वर्ष 2026 का दक्षिण-पश्चिम मानसून देशभर में क्षेत्रीय स्तर पर अलग-अलग असर छोड़कर समाप्त हुआ। भारत में जहां मानसून के दौरान सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई, वहीं ओडिशा में इसके विपरीत सामान्य से 29 फीसदी अधिक वर्षा हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देश में मानसून के दौरान कुल 759.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा 868.6 मिलीमीटर होती है।
इसके विपरीत ओडिशा में इस मानसून के दौरान कुल 1,482.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य की सामान्य औसत वर्षा 1,150.2 मिलीमीटर है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत पश्चिमी एवं दक्षिणी राज्यों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।
बालेश्वर में सबसे अधिक बारिश, बौध में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
ओडिशा के विभिन्न जिलों में बारिश की मात्रा में काफी अंतर रहा। बालेश्वर में राज्य में सबसे अधिक 1,907.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 56 फीसदी अधिक है। बौध में सामान्य से 70 फीसदी अधिक बारिश हुई और यहां कुल 1,769.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मयूरभंज में 1,862.6 मिलीमीटर, केंदुझर में 1,765 मिलीमीटर और बरगढ़ में 1,705.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं गजपति जिले में राज्य में सबसे कम 896.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से एक फीसदी कम रही।
ओडिशा के साथ जम्मू-कश्मीर में भी इस मानसून के दौरान देश के प्रमुख अधिक वर्षा वाले क्षेत्रों में शामिल रहा।
कई जिलों में बाढ़ से राहत और बचाव अभियान
मानसून के दौरान हुई भारी बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी। प्रभावित क्षेत्रों से हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर अस्थायी राहत शिविरों में रखा गया। प्रशासन की ओर से लोगों को जलभराव वाली सड़कों से बचने और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
नौ जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का पीला अलर्ट
मानसून की विदाई के साथ राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगी है। हालांकि, भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ राजश्री वीपीएम के अनुसार, उत्तरी म्यांमार और उससे सटे बांग्लादेश-मिजोरम क्षेत्र में सक्रिय एक चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे के दौरान ओडिशा के मौसम को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग ने बालेश्वर, भद्रक, केंद्रापड़ा, जाजपुर, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, केंदुझर और मयूरभंज में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने को लेकर पीला चेतावनी जारी की है।
मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 2 अक्टूबर के बाद ओडिशा में मौसम की स्थिति में सुधार होने की संभावना है। इसके बाद सप्ताह के शेष दिनों में अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और धूप वाला रहने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
