Home / Odisha / पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक को मातृ शोक

पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक को मातृ शोक

  •  राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक

भुवनेश्वर। ओडिशा के पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक की माता का निधन हो गया है। मंत्री नायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी माता शुभ नायक के निधन की जानकारी साझा करते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया। वह 84 वर्ष की थीं। उनके निधन पर ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक व्यक्त करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

अपनी माता को श्रद्धांजलि देते हुए मंत्री रवि नारायण नायक ने कहा कि मां को खोने का दर्द अत्यंत असहनीय और अवर्णनीय है। उन्होंने कहा कि उनकी पूजनीय माता के निधन से उनके जीवन में ऐसी अपूरणीय रिक्तता पैदा हुई है, जिसे भर पाना संभव नहीं है।

मंत्री नायक ने कहा कि उनकी माता केवल उनकी जननी ही नहीं थीं, बल्कि जीवन की पहली मार्गदर्शक और श्रेष्ठ गुरु भी थीं। उन्होंने हमेशा उन्हें सही मार्ग दिखाया। माता का अपार स्नेह, शिक्षा और आशीर्वाद ही उनके जीवन की वास्तविक पूंजी रहा है।

उन्होंने दिवंगत माता की आत्मा की सद्गति के लिए महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के चरणों में प्रार्थना की। मंत्री ने कहा कि उनकी माता अपने आशीर्वाद के रूप में सदैव उनके जीवन में अमर रहेंगी।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी मंत्री रवि नारायण नायक की माता के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए महाप्रभु श्रीजगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की सद्गति की कामना की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में 2,067 एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

    18वें रोजगार मेले में सेवक-सेविका के 1,913 और जनजातीय भाषा के 154 शिक्षकों …