भुवनेश्वर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य की महिला पर्वतारोहियों को माउंट यूनाम पर सफलतापूर्वक आरोहण करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 20,100 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराने के लिए हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से महिला पर्वतारोहियों के इस उल्लेखनीय उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे ‘नारी शक्ति’ के जज्बे का सशक्त प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि साहस, दृढ़ता और संकल्प के साथ इन पर्वतारोहियों ने साबित कर दिया है कि कोई भी चुनौती इतनी बड़ी नहीं है और कोई भी ऊंचाई ऐसी नहीं है, जिसे हासिल न किया जा सके।
माझी ने कहा कि महिला पर्वतारोहियों की यह उपलब्धि ओडिशा के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी सफलता बेटियों और युवा महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ बड़े सपने देखने, उत्कृष्टता हासिल करने और नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री ने पर्वतारोहियों के साहस, लगन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
