Home / Odisha / तालचेर में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री  माझी

तालचेर में स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री  माझी

  • गुरुजांग  को ‘हेरिटेज विलेज’ बनाने की घोषणा

भुवनेश्वर, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को अनुगोल जिले के तालचेर के निकट गुरुजांग  में आयोजित स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्मस्थली गुरुजांग  को ‘हेरिटेज विलेज’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि गुरुजांग  पंचायत को ‘आदर्श पंचायत’ बनाया जाएगा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती को समाज के लिए ‘गुरु, ग्रंथ और गरिमा’ का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि स्वामीजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान आदर्श, सामाजिक संस्था और सनातन धर्म के मार्गदर्शक थे। उन्होंने आधुनिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर कंधमाल के दुर्गम वन क्षेत्रों में अपना जीवन वनवासी समुदायों की सेवा के लिए समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामीजी ने चकापाद और जलेशपटा आश्रमों तथा कन्या गुरुकुल के माध्यम से वनवासी बालिकाओं को संस्कृत शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। उनके प्रयासों से समाज में शिक्षा, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जागरूकता को मजबूती मिली।
उन्होंने कहा कि स्वामीजी की सेवा और त्याग को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। फूलबाणी सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर ‘स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती मेडिकल कॉलेज’ किया गया है। इसके अलावा जलेशपटा आश्रम, आश्रम स्कूल और कन्याश्रम के विकास तथा विरासत संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री विशेष सहायता (CMSA) कोष से ₹13 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
इस राशि में से ₹5 करोड़ से 300 सीटों वाला छात्रावास बनाया जाएगा, जबकि ₹3 करोड़ विरासत स्थलों के संरक्षण पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक मेगा रिवर लिफ्ट परियोजना भी प्रस्तावित है।
2008 में जन्माष्टमी की रात स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने तत्कालीन सरकार पर विफलता, लापरवाही और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि हत्याकांड की जांच के लिए गठित न्यायमूर्ति महापात्र और न्यायमूर्ति नायडू आयोगों की रिपोर्ट तथा संबंधित फाइलों का लोकसेवा भवन से गायब होना गंभीर विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ओडिशा की जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि स्वामीजी के रक्त की हर बूंद को न्याय मिलेगा और सच्चाई सामने आना सुनिश्चित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की अंत्योदय की विचारधारा निहित है। उन्होंने युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन जी , से अपनी जड़ों, शिक्षा, संस्कृति, वेद, संस्कृत, गो-संरक्षण और सनातन परंपराओं से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने भी स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने युवाओं से स्वामीजी के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेकर नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री द्वारा गुरुजांग  को ‘हेरिटेज विलेज’ और पंचायत को ‘आदर्श पंचायत’ बनाने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्वामीजी की अमर स्मृति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और इससे क्षेत्र की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी।
प्रधान ने कहा कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती केवल एक संन्यासी नहीं थे, बल्कि वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरण के प्रमुख वाहक थे। जलेशपटा और चकापाद आश्रमों के माध्यम से उन्होंने वनवासी बालिकाओं को शिक्षा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
समारोह में पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, सांसद रुद्र नारायण पाणि, कंधमाल सांसद सुकांत कुमार पाणिग्राही, परजंग विधायक विभूति भूषण प्रधान, पाललहड़ा विधायक अशोक महांती, हिंदोल विधायक सीमा रानी नायक सहित कई जनप्रतिनिधि, साधु-संत और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …