-
उन्नत ट्रांसप्लांट सुविधाओं की ली जानकारी
भुवनेश्वर, ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीजेज एंड रिसर्च सेंटर का दौरा कर संस्थान की उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा अनुसंधान और अत्याधुनिक प्रत्यारोपण प्रक्रियाओं का जायजा लिया।
मंत्री ने ई हब के सीईओ के साथ संस्थान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ओडिशा के पांच बाल किडनी प्रत्यारोपण लाभार्थियों—भद्रक की सैना श्रद्धा दास, सुंदरगढ़ के निसांत सिंह, क्योंझर के पुष्कर, पुरी के सुदर्शन और बालेश्वर की काव्यांजलि से मुलाकात की। उन्होंने उनके दाताओं से भी बातचीत की। इसके अलावा, उन्होंने एक ओड़िया मरीज से भी मुलाकात की, जिसने प्रोस्टेट कैंसर के लिए सफल रोबोटिक सर्जरी कराई है।
मंत्री ने मरीजों से बातचीत और उनके स्वास्थ्य में सुधार को बेहद उत्साहजनक बताया।
इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी डिजीजेज एंड रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. प्रांजल आर. मोदी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुखों ने मंत्री को संस्थान की उपलब्धियों और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस दौरान किडनी, लिवर, पैंक्रियास और गर्भाशय प्रत्यारोपण के क्षेत्र में संस्थान की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
डॉ. महालिंग ने कहा कि ऐसे विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थानों से प्राप्त अनुभव और जानकारी ओडिशा में उच्च गुणवत्ता वाली तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं तथा विशेषीकृत चिकित्सा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने कहा कि उन्नत चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ सेवाओं से जुड़े इन अनुभवों का उपयोग राज्य में मरीजों को बेहतर और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों में किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
