-
परियोजनाओं में तेजी और बजट के प्रभावी उपयोग पर जोर
भुवनेश्वर: ओडिशा के जल संसाधन विभाग की वरिष्ठ अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक गुरुवार को विभाग के सम्मेलन कक्ष में प्रमुख शासन सचिव श्रीमती शुभा शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जल संसाधन क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने, बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में पूंजीगत व्यय के साथ-साथ प्रमुख सिंचाई, जल निकासी, बांध, बैराज और नहर परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्यान्वयनाधीन, टेंडर प्रक्रिया पूरी कर चुकी तथा प्रस्तावित परियोजनाओं के कार्यों में तेजी लाने और व्यय की नियमित निगरानी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया के शीघ्र अंतिम रूप देने और कार्यादेश जारी करने, लंबित अनुमोदनों तथा एक्सपेंडिचर फाइनैंस कमेटी के प्रस्तावों का जल्द निपटारा करने, व्यय का यथार्थवादी आकलन करने और वित्तीय वर्ष के दौरान बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विभागीय व्यय केवल वित्तीय लक्ष्यों की पूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका स्पष्ट और मापनीय परिणाम भी दिखाई देना चाहिए। चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, सिंचाई क्षमता का सृजन करने, जल संसाधन संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा परियोजनाओं का अपेक्षित लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के सर्वोत्तम और उत्पादक उपयोग के लिए विभागीय स्तर पर समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
बैठक में पीएम गति शक्ति पोर्टल पर एक प्रस्तुति दी गई। इसके बाद जलकर संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों से पीएम गति शक्ति प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, जलकर संग्रहण बढ़ाने एवं प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए ओडिशा के नामांकन से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई।
बैठक में विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ दिलीप कुमार राउत, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन निदेशक अशोक कुमार बेहरा, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्य अभियंता तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
