भुवनेश्वर, ओडिशा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बुधवार को व्हैट्सएप आधारित चैटबॉट ‘आम साथी’ लॉन्च किया। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिकों को राजस्व विभाग की प्रमुख सेवाएं घर बैठे उपलब्ध होंगी और सामान्य कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी।
‘आम साथी’ को 9437292000 व्हैट्सएप नंबर के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है। शुरुआत में इस प्लेटफॉर्म पर राजस्व विभाग से संबंधित 16 सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि दो अन्य सेवाएं बाद में जोड़े जाने की योजना है।
चैटबॉट के माध्यम से नागरिक भूमि म्यूटेशन, भूमि की श्रेणी (किसम) में बदलाव, विवाह पंजीकरण, सोसायटी पंजीकरण तथा जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा भुलेख प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध भूमि रिकॉर्ड और पट्टा संबंधी जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिक घर बैठे आवेदन जमा करने के साथ-साथ अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे। इससे राजस्व सेवाओं की प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी।
राजस्व विभाग के अनुसार, संबंधित सेवा के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक सुधार किए जा चुके हैं।
चैटबॉट लॉन्च करते हुए मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि ओडिशा में व्हैट्सएप के व्यापक इस्तेमाल को ध्यान में रखते हुए ‘आम साथी’ को विकसित किया गया है। राज्य में अनुमानित 1.65 करोड़ व्हैट्सएप उपयोगकर्ता हैं, ऐसे में यह प्लेटफॉर्म सरकारी सेवाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
मंत्री ने कहा कि ‘आमा साथी’ के शुरू होने से नियमित राजस्व सेवाओं के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों में जाने की आवश्यकता काफी कम होगी। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात परिस्थितियों के दौरान यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी, जब लोगों के लिए सरकारी कार्यालयों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
सरकार के अनुसार, यह पहल ओडिशा में डिजिटल शासन को मजबूत करने के साथ-साथ आवश्यक राजस्व सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
