-
स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/भुवनेश्वर। ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। उच्चस्तरीय इस बैठक में ओडिशा में पार्टी के संगठनात्मक रोडमैप और आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अगले वर्ष की शुरुआत में संभावित महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने तथा जनता तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा इन योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।
निगम और सार्वजनिक उपक्रमों में नियुक्तियों पर भी चर्चा
बैठक के एजेंडे में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों के अलावा राज्य के निगमों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में लंबित नियुक्तियों का मुद्दा भी शामिल रहा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली ओडिशा सरकार में मंत्रिपरिषद के विस्तार की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
सामल ने संगठन की जमीनी स्थिति से कराया अवगत
2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद से ओडिशा भाजपा की कमान संभाल रहे मनमोहन सामल ने राष्ट्रीय नेतृत्व को राज्य में संगठन की जमीनी स्थिति, चुनौतियों और संभावनाओं से अवगत कराया।
उन्होंने राज्य में पार्टी संगठन को और व्यापक बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी जानकारी दी।
नितिन नवीन ने 365 दिन सक्रिय रहने पर दिया जोर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन को लगातार सक्रिय रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी संगठन में वर्षभर गतिविधियां संचालित करने और 365 दिन सक्रिय जनसंपर्क के मॉडल को मजबूत करने की बात कही।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर गति देने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत बनी रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
