-
त्वरित बहाली के दिए निर्देश
भुवनेश्वर। ओडिशा के पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक ने बुधवार को केंदुझर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों को निर्बाध आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
केंदुझर सर्किट हाउस में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने हालिया बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में पाटना विधानसभा सीट सेविधायक अखिल चंद्र नायक, पुलिस अधीक्षक कुसालकर नितिन, प्रभागीय वन अधिकारी धनराज हनुमंत धामधेरे, विशेष विकास परिषद (एसडीसी) की अध्यक्ष ममता नाइक, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रवींद्र कुमार प्रधान, जिला परिषद के मुख्य विकास अधिकारी-सह-कार्यकारी अधिकारी कुमार नागभूषण सहित जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने सड़कों, पुलों, पेयजल अवसंरचना, विद्युत आपूर्ति नेटवर्क, कृषि भूमि तथा वन क्षेत्रों को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही, सड़क संपर्क बहाल करने, पेयजल आपूर्ति प्रणाली की मरम्मत, आपातकालीन राहत दलों की तैनाती तथा बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत सामग्री के वितरण की प्रगति से भी मंत्री को अवगत कराया।
मंत्री रवि नायक ने जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने, आपातकालीन सहायता सेवाओं को निर्बाध रूप से जारी रखने तथा बाढ़ की स्थिति से उत्पन्न होने वाली किसी भी संभावित चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थिति की लगातार निगरानी पर विशेष जोर देते हुए प्रशासन को निर्देश दिया कि जिले में पूरी तरह सामान्य स्थिति बहाल होने तक सभी प्रभावित परिवारों को समय पर राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
