-
10 अगस्त तक भारी वर्षा का अलर्ट
-
मयूरभंज के लिए ऑरेंज चेतावनी
-
13 जिलों में येलो अलर्ट जारी
-
गरज-चमक और 30–40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना
भुवनेश्वर। ओडिशा में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी 10 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक वर्षा का पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी की है।
भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार, मयूरभंज जिले में बुधवार को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा सुंदरगढ़, केंदुझर, मयूरभंज, कंधमाल, नवरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मालकानगिरि, नुआपड़ा, झारसुगुड़ा, गंजाम, गजपति और कलाहांडी जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आईएमडी के अनुसार, 7 और 8 अगस्त को दक्षिण ओडिशा के कई जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर अतिरिक्त येलो चेतावनी जारी की गई है। 10 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं तथा कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। विशेष रूप से मयूरभंज के अलावा मालकानगिरि, कोरापुट, नवरंगपुर, कलाहांडी, रायगड़ा, गजपति, गंजाम, कंधमाल, नुआपड़ा, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और केंदुझर में भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने निचले और बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, भारी वर्षा से शहरी और निचले इलाकों में जलभराव, तेज बारिश के दौरान दृश्यता में कमी, स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने तथा गरज-चमक और तेज हवाओं के कारण अस्थायी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। लोगों से मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी ताजा मौसम बुलेटिन पर नजर रखने तथा भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
