-
4-5 अगस्त को गंजाम में ड्रोन सहित सभी उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध
भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय आधिकारिक ओडिशा दौरे पर सोमवार को भुवनेश्वर पहुंचीं। बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने दौरे के पहले दिन राष्ट्रपति कटक जिले में एक निजी विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद 4 अगस्त को वह भुवनेश्वर से ट्रेन द्वारा ब्रह्मपुर जाएंगी और वहां से तप्तपाणी पहुंचकर मां कंधुनी देवी मंदिर तथा शिव मंदिर में दर्शन करेंगी। वह गोलबंध स्थित आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज का भी दौरा करेंगी। राष्ट्रपति 5 अगस्त की सुबह ओडिशा से लौटेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए भुवनेश्वर, कटक और गंजाम में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गंजाम जिला प्रशासन ने 4 और 5 अगस्त को राष्ट्रपति के यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है।
यह प्रतिबंध ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशन से तप्तपाणी तक के मार्ग, गोसानीनुआगांव, अंधपसरा रोड, हरिड़ाखंडी, दिग्गपहंडी रोड, तप्तपाणी मंदिर परिसर, गोलबंध स्थित आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज तथा आसपास के क्षेत्रों में लागू रहेगा।
इस अवधि में ड्रोन, मानव रहित विमान, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य सभी हवाई उपकरणों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विमान अधिनियम, विमान नियम तथा ड्रोन नियमों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
