-
ओडिशा के विकास पर हुई अहम चर्चा
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के समग्र विकास, आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, नक्सल उन्मूलन, औद्योगीकरण तथा सहकारिता क्षेत्र के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के सतत मार्गदर्शन में ओडिशा विकास, प्रगति और समृद्धि के नए पथ पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने राज्य में चल रहे विभिन्न विकासात्मक और कल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति से भी गृह मंत्री को अवगत कराया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य को “नक्सल मुक्त” बनाने में केंद्र सरकार के सहयोग और गृह मंत्री के मजबूत नेतृत्व की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने से सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिली है। इन क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार ‘ग्रामोदय योजना’ के माध्यम से केंद्र और राज्य की सभी कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सक्रिय पुलिसिंग के कारण राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है। साथ ही उन्होंने पिछले दो वर्षों में राज्य में हुए तीव्र औद्योगिकीकरण का उल्लेख करते हुए इसे और गति देने के लिए औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में केंद्र से सहयोग का आग्रह किया।
सहकारिता क्षेत्र में भी केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राज्य में चीनी मिलों के पुनरुद्धार के लिए केंद्र के समर्थन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में “डबल इंजन सरकार” ने जनसंपर्क और त्वरित शिकायत निवारण के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने राज्य की विभिन्न प्रमुख विकासात्मक और जनकल्याणकारी पहलों पर भी प्रकाश डाला।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार की जनहितकारी पहलों की सराहना करते हुए ओडिशा के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
