-
व्हाट्सऐप पर प्रश्नपत्र और उत्तर वायरल होने का दावा
-
विश्वविद्यालय की टीम जांच में जुटी
ब्रह्मपुर। ओडिशा के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्नातकोत्तर (पीजी) परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस घटना ने परीक्षा की निष्पक्षता और व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद ओडिशा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (ओयूएचएस) ने प्रारंभिक जांच के लिए एक टीम कॉलेज भेजी है।
सूत्रों के अनुसार, 27 जुलाई को आयोजित पीजी परीक्षा के दौरान 20 से अधिक विषयों के प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से पहले ही व्हाट्सऐप समूहों में प्रसारित किए जाने का आरोप है। दावा किया जा रहा है कि प्रश्नपत्रों की तस्वीरों के साथ उनके लिखित उत्तर भी साझा किए गए, जिससे कुछ परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ मिला।
प्रतियां भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज तक भी पहुंचीं
मामले में एक मेडिकल छात्र और कॉलेज के एक वरिष्ठ कर्मचारी पर संदेह जताया जा रहा है। आरोप है कि प्रश्नपत्र बड़ी रकम लेकर बेचे गए और उनकी प्रतियां भुवनेश्वर के एक निजी मेडिकल कॉलेज तक भी पहुंचीं।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जानकारी ओडिशा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय को दी गई, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने प्रारंभिक जांच के लिए विशेषज्ञों की एक टीम एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज भेजी है।
डीन डॉ हरिकृष्ण दलई ने पुष्टि की
एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ हरिकृष्ण दलई ने पुष्टि की है कि पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र की तस्वीर कैसे ली गई और उसे किस प्रकार प्रसारित किया गया। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीजी परीक्षा के अभी दो और पेपर शेष
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि पीजी परीक्षा के अभी दो और पेपर शेष हैं। इन परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा उपायों को और कड़ा किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
