Home / Odisha / दीपावली तक सुलझेगा महानदी जल विवाद : मोहन चरण माझी

दीपावली तक सुलझेगा महानदी जल विवाद : मोहन चरण माझी

  •     केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में हुई ओडिशा-छत्तीसगढ़ की बैठक

  •     बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी रहे मौजूद

  •     तीन माह में समाधान का जताया भरोसा

भुवनेश्वर/नई दिल्ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विश्वास जताया है कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच वर्षों से लंबित महानदी जल विवाद का समाधान इस वर्ष दीपावली तक हो जाएगा। यह आश्वासन नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के बाद दिया गया।

बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अलावा दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि बैठक में ओडिशा ने किसानों के हित, राज्य के जल अधिकार और जल संसाधनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपना पक्ष मजबूती से रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्दपूर्ण माहौल के माध्यम से इस विवाद का स्थायी और संतोषजनक समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले तीन महीनों तक मंत्री और अधिकारी स्तर पर लगातार बैठकें होंगी, जबकि केंद्रीय जल आयोग पूरी प्रक्रिया का समन्वय करेगा।

मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा हमेशा से बातचीत के माध्यम से समाधान का पक्षधर रहा है। अब छत्तीसगढ़ की सहमति मिलने के बाद केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों को एक मंच पर लाकर वार्ता की प्रक्रिया शुरू कराई है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली तक निश्चित रूप से कोई अच्छा निर्णय सामने आएगा। ट्रिपल इंजन सरकार के नेतृत्व में महानदी जल विवाद का स्थायी समाधान निकलेगा।

गौरतलब है कि महानदी के जल बंटवारे को लेकर ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। दोनों राज्यों के बीच सहमति बनने की दिशा में यह बैठक एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …