-
654 मकान क्षतिग्रस्त, 22,831 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
-
नीलगिरि सबसे अधिक प्रभावित ब्लॉक
बालेश्वर। लगातार बारिश और नदियों के उफान से बालेश्वर जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिला प्रशासन की ताजा रिपोर्ट के अनुसार जिले के 449 गांव, 146 ग्राम पंचायतों के 1,46,504 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव अभियान के तहत अब तक 22,831 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 138 राहत शिविर और फ्री किचन संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार नीलगिरि ब्लॉक सबसे अधिक प्रभावित है, जहां 86 गांव, 25 ग्राम पंचायतों के 57,920 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। यहां 6,520 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 37 राहत शिविर खोले गए तथा 159 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इसके अलावा ओपदा ब्लॉक में 44,933, बालेश्वर सदर में 15,693, बाहनगां में 13,269, बस्ता में 11,531 और रेमुणा में 3,685 लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक 17 गांव ओपदा तथा 5 गांव बालेश्वर सदर में अब भी चारों ओर से पानी से घिरे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 654 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
नौ पशुधन की मौतें
नौ पशुधन की मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि राहत की बात यह है कि मानव जीवन की कोई क्षति नहीं हुई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन, एनडीआरएफ, ओड्राफ, अग्निशमन सेवा तथा अन्य विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा
राज्य सरकार द्वारा नियुक्त विशेष अधिकारी के सुदर्शन चक्रवर्ती ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जिला प्रशासन के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
