-
20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि के साथ जीती ट्रॉफी
-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी बधाई
-
तनिष्क शुक्ला और मनराज वीर सिंह रहे उपविजेता
भुवनेश्वर। ओडिशा की बेटी ज्योतिर्मयी नायक ने देश के सबसे लोकप्रिय गायन रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-16 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। भुवनेश्वर की रहने वाली ज्योतिर्मयी ने शानदार प्रस्तुति के दम पर ट्रॉफी अपने नाम की और 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी जीती। उनकी इस उपलब्धि से पूरे ओडिशा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्रैंड फिनाले में तनिष्क शुक्ला और मनराज वीर सिंह उपविजेता रहे। मनराज को 5 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं फाइनल के दौरान अंशिका चोंकर और सुहैल सूफी बाहर हो गए, जिन्हें 3-3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दी बधाई
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ज्योतिर्मयी नायक को इंडियन आइडल-16 का खिताब जीतने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि ओडिशा की इस प्रतिभाशाली बेटी ने पूरे देश में राज्य का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ओडिशा की माटी की बेटी ज्योतिर्मयी नायक को हार्दिक स्नेह, शुभकामनाएं और बधाई। उनकी सफलता राज्य के अनगिनत युवा कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है। मैं उनके उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना करता हूं।
भुवनेश्वर से राष्ट्रीय मंच तक का प्रेरणादायक सफर
केआईआईटी की पूर्व छात्रा ज्योतिर्मयी नायक ने पूरे सीजन में अपनी मधुर आवाज और लगातार प्रभावशाली प्रस्तुतियों से निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीता। ग्रैंड फिनाले तक पहुंचना ही ओडिशा के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा था, लेकिन खिताब जीतकर उन्होंने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
स्थानीय मंचों से लेकर राष्ट्रीय स्तर के सबसे बड़े गायन मंच तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
